‘कबरा कान हाथी’ का रेस्क्यू पांचवें दिन भी फेल, कुमकी पर भी पड़ा भारी

ग्रामीण रतजगा करने मजबूर, वनभोज करके विभागीय अमला सफलता का कर रहा इंतजार

अंबिकापुर। कबरा कान हाथी का रेस्क्यू अभियान का पांचवां दिन बीत गया। वन विभाग की पूरी टीम जंगल के अंदर-बाहर तैनात है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है। दिन-रात रेस्क्यू में जुटे विभागीय अमले का जंगलों में ही वनभोज चल रहा है।

वन विभाग के अनुसार, टीम 12 नवंबर को मौके पर पहुंची थी। शुरुआत में सायर नाम के जंगल में कबरा कान 17 अन्य हाथियों के साथ मिला था। कुल 18 हाथियों का दल लगभग दो दिन तक वहीं रहा, इसके बाद वह रामगढ़ इलाके के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में शिफ्ट हो गया। अब हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में दो अलग-अलग दलों में विचरण कर रहा है। बीते सोमवार को कुमकी हाथियों की एक बार कबरा कान से मुठभेड़ हुई थी, लेकिन कबरा कुमकी पर भारी पड़ गया। न तो इंजेक्शन लगाया जा सका और न ही ट्रैंक्विलाइजर का इस्तेमाल संभव हो सका। वन विभाग कुमकी हाथियों के माध्यम से उसे ड्राइव करके बाहर लाने की सोच रहा था, लेकिन झुंड के साथ घने जंगलों में छिपे होने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की तरफ से जंगल के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई है, हाथी बार-बार खेतों में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने और जान-माल की रक्षा के लिए लोग रातभर आग जलाकर और शोर मचाकर जाग रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग सिर्फ आश्वासन और रोक-टोक के बजाय जल्द से जल्द कबरा कान को पकड़कर गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए, ताकि गांव वाले चैन से रह सकें और बच्चे सुरक्षित स्कूल जा सकें।

सीसीएफ ने कहा, सुरक्षा पहली प्राथमिकता

सीसीएफ, वन विभाग अंबिकापुर प्रणय मिश्रा ने बताया कि रेस्क्यू अभियान जारी है और टीम पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने कहा कि कल दो-तीन बार एनकाउंटर भी हुआ, लेकिन वेटनरी टीम हाथी को चोट न पहुंचे, झुंड के सदस्यों को कोई डिस्टर्बेंस न हो और टीम व कुमकी हाथियों की सुरक्षा बनी रहे, इस बात का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने बताया कि अगर सिंगल हाथी बाहर निकलता है तो रेस्क्यू जल्दी हो जाता है, लेकिन जब हाथी झुंड के साथ होता है, जिसमें मादा और बच्चे भी हों, तो ज्यादा सावधानी बरतनी पड़ती है। जब तक कॉलरिंग की प्रक्रिया नहीं होगी, तब तक यह अभियान चलता रहेगा। प्रणय मिश्रा ने कहा कि झुंड के साथ आने के बाद कबरा कान के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला है। थर्मल ड्रोन से निगरानी में वह पहले से ज्यादा एक्टिव दिख रहा है, लेकिन झुंड में थोड़ी समस्या भी पैदा कर रहा है। फिर भी झुंड को मादा लीड करती है, इसलिए उसका व्यवहार थोड़ा पॉजिटिव दिशा में माना जा रहा है।

जंगल में ही कैंप, 100 स्टाफ तैनात

रेस्क्यू के लिए पहले उदयपुर में कैंप था, बाद में उसे रामगढ़ में शिफ्ट किया गया। वहां तीन वेटनरी डॉक्टरों की पूरी टीम, महावत और लगभग 100 स्टाफ तैनात हैं। जरूरत पड़ने पर रात में सड़कों पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि हाथी के सड़क पर आने की संभावना पर लोगों को सुरक्षित किया जा सके। सीसीएफ ने कहा, हाथी जंगल के अंदर है, सुरक्षित है, लोग सुरक्षित हैं, हाथी बाहर नहीं आ रहा है, यह पॉजिटिव है। हमें कोई टाइम लिमिट का प्रेशर नहीं देना है। हम चाहते हैं कि क्षेत्र के लोगों और हाथी दोनों के लिए अच्छा हो।

भैंस को मारा, फसलें हो रही बर्बाद

इधर आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की तरफ से किसी को भी जंगल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हाथियों का दल आसपास के खेतों में घुसकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। बीती रात एक दल के हाथी ने चकेरी बस्ती में घुसकर एक भैंस को मार डाला। इस घटना से ग्रामीण भयभीत हैं और रातभर जागरण करने को मजबूर हैं। ग्राम सरमा निवासी पीला राम चरवाहा ने कह हाथियों का डर इतना है कि पिछले तीन दिनों से गांव में कोई भी रात को चैन से नहीं सो पा रहा है। पूरा गांव रातभर जागकर पहरा दे रहा है। उन्होंने बताया कि हाथियों का दल खेतों और बस्ती के आसपास घूम रहा है। बीती रात चकेरी बस्ती में एक भैंस को मारने के बाद से डर और बढ़ गया है।

पिकनिक मनाने में व्यस्त वन विभाग

कबरा कान हाथी के रेस्क्यू को लेकर अब ग्रामीणों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी पिछले 10 दिन से गांव के आसपास घूम रहा है, लेकिन वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के बजाय पिकनिक मनाने में व्यस्त है। हालांकि वन अमले की मजबूरी है कि वो कैंप लगाकर कबरा कान हाथी को रेस्क्यू करने में सफलता मिले, इस इंतजार में है। जंगल में डटी टीम के लिए खाने की व्यवस्था को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों का नजरिया बदल गया है। ग्रामीण का यह भी आरोप है कि जब भी गांव वाले हाथी को भगाने या आवाज लगाने की कोशिश करते हैं, तो विभाग के लोग उन्हें ही चुप करा देते हैं, कहते हैं हम हाथी को पकड़ लेंगे। इसके पीछे वन विभाग का तर्क ग्रामीणों की जान को जोखिम से बचाना है।

Share with