वोटर बचाओ-देश बचाओ सभा में भाजपा पर जमकर बरसे बैज

उदयपुर में कांग्रेस ने किया शक्ति प्रदर्शन, साल्ही में परसा कोल ब्लॉक का मुद्दा छाया

उदयपुर। सरगुजा के उदयपुर में मंगलवार को कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया। ‘वोटर बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत उदयपुर रेस्ट हाउस के पास विशाल जनसभा हुई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत पार्टी के कई बड़े नेता पहुंचे। सभा में भाजपा सरकार को महंगाई और मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर घेरा गया। इसके बाद साल्ही गांव में हुई चौपाल में परसा कोल ब्लॉक का मुद्दा गरमा गया।रेस्ट हाउस के पास पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद हुई सभा में दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली के दाम और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका सीधा असर आम परिवार के बजट पर पड़ रहा है। कांग्रेस जनता के अधिकारों और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगी। सभा में नेताओं ने लोकतंत्र, मतदाता अधिकार और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। अदाणी समूह से जुड़े कोयला खनन और ऊर्जा क्षेत्र के सवाल भी भाषणों में उठे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, सिद्धार्थ सिंहदेव, ओम प्रकाश सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोजवंती सिंह समेत जिले और ब्लॉक के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने उठाया फर्जी ग्रामसभा का मुद्दा

उदयपुर की सभा के बाद कांग्रेस नेताओं का काफिला कोल प्रभावित गांव साल्ही पहुंचा। वहां चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। यहां सबसे ज्यादा चर्चा परसा कोल ब्लॉक को लेकर हुई। ग्रामीण रामलाल करियाम ने नेताओं के सामने आरोप लगाया कि परसा कोल ब्लॉक फर्जी ग्रामसभा प्रस्ताव के आधार पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को रद्द कराने के लिए कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां और लंबे समय से लंबित मांगें नेताओं के सामने रखीं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा-लड़ेंगे कानूनी लड़ाई

इस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने पास मौजूद दस्तावेज कांग्रेस नेताओं को दें, ताकि पूरे मामले को वरिष्ठ नेताओं के सामने रखा जा सके। दस्तावेजों के आधार पर ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। ग्रामीणों ने भी समय पर दस्तावेज देने की बात कही। साल्ही की चौपाल के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की चुप्पी भी चर्चा में रही।

सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म का कर रही है नाकाबिल इस्तेमाल

‘वोटर बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में हो रही समस्या, पंजीयन नहीं होना, एग्री स्टैक नहीं हो पाना और राशन कार्ड कटने की स्थिति, ये सब एक ही कारण से बन रही है। सरकार डिजिटल प्लेटफॉर्म का नाकाबिल तरीके से इस्तेमाल कर रही है, और उसी का नतीजा है कि बड़े पैमाने पर वोट कट रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में बाबा ने कहा कि जब सरकार वोट काटकर चुनाव जीत जाएगी, तो उसे लोगों का काम करने की जरूरत ही क्या रह जाएगी। फिर स्कूल क्यों देखना, फिर हाथी की तरफ ध्यान क्यों देना, फिर किसानों के धान की बात क्यों करना। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर, लोगों को जागरूक करने सभी नेता निकले हैं।

मत की रक्षा से ही राशन और बिजली बिल की रक्षा

टीएस सिंहदेव ने कहा कि अपने मत की रक्षा करने से ही राशन की व्यवस्था की रक्षा होगी। उसी से बढ़ी हुई बिजली बिल की दरों में कमी आ सकती है। अगर सरकार को लगेगा कि हम तो जीत ही जाएंगे, 50 साल हम ही रहेंगे, 100 साल हम ही रहेंगे, तो यही स्थिति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो मुद्दे उठाए हैं, वही मुद्दे आज जमीन पर दिख रहे हैं। वोट कटने से लेकर राशन कटने तक, किसान की परेशानी से लेकर आम आदमी की परेशानी तक, सब जुड़ा हुआ है। किसानों को धान बेचने में समस्या हो रही है। पंजीयन नहीं हो पा रहा है, एग्री स्टैक नहीं हो पा रहा है। कितने लोगों का राशन कटने की स्थिति बन रही है। धान उठाने में जो दिक्कत हो रही है, वो भी इसी परिस्थिति में बनती है।

सरकार फेल, बच्चे अधिकारियों के पास जा रहे

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बच्चे अब अपने स्कूलों और छात्रावासों से निकलकर अधिकारियों के पास अपनी मांगों को लेकर जा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और सरकार इस पर काम नहीं कर पा रही है। शिक्षा मंत्री रहे बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा में 33, 34, 35 हजार शिक्षकों की भर्ती की बात कही थी। विधानसभा में कही गई बात एक कमिटमेंट होती है, सरकार के लिए एक बंधन होता है। बावजूद इसके अभी तक वैसी भर्ती देखने को नहीं मिली।

1000 से ज्यादा स्कूल बंद, गुणवत्ता टूटी

सिंहदेव ने कहा कि अभी तो हजार से ज्यादा स्कूलों को बंद कर दिया गया है। जब शिक्षा की गुणवत्ता टूटेगी तो स्वाभाविक है कि इस प्रकार की स्थिति बनेगी। बच्चे परेशान हैं, अभिभावक परेशान हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई समाधान नहीं दिख रहा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास लगता नहीं है कि राशियां हैं। प्रबंधन इतना कमजोर है कि सड़कों की हालत देखिए क्या है। बिल्डिंग की स्थिति आप कह रहे हैं कि अच्छी नहीं है। यानी हर मोर्चे पर सरकार का प्रबंधन फेल नजर आ रहा है।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

टीएस बाबा ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर ही सरकार ध्यान नहीं देगी, तो आम आदमी का क्या होगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए, मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है, यह सरकार की नाकामी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर लोगों के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार को लगेगा कि वोट से ही जवाब मिलेगा, तभी वह काम करेगी। नहीं तो यही स्थिति बनी रहेगी।

Share with