पेट्रोल भरवाकर भागने वाले शातिरों का 20 किमी पीछा, कार छोड़कर भागे सवार

अंबिकापुर। फिलिंग स्टेशन पर फुल टैंक पेट्रोल-डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए फरार होने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने 20 किलोमीटर दौड़ाया। इसके बाद कार सवार अर्बन चौपाटी के पास कार छोड़कर फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक, यह गिरोह अंबिकापुर और लुंड्रा में रहने वाले युवकों का है, जिन्होंने सरगुजा सहित आसपास के कई जिलों में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है। गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी कार, स्कॉर्पियो जैसे वाहनों से नंबर प्लेट निकालकर पेट्रोल पंप पर पहुंचते थे। फ्यूल डलवाने के बाद क्यूआर कोड से पेमेंट करने का बहाना कर कर्मचारियों को उलझाते और मौका मिलते ही तेज रफ्तार में खतरनाक ड्राइविंग करते हुए भाग निकलते थे। अंबिकापुर शहर और आसपास ऐसी कई घटनाएं होने के बाद पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी अलर्ट थे।

ताजा मामला लटोरी के अनुजनगर स्थित पेट्रोल पंप का है, जहां वाहन क्रमांक सीजी 15 ईबी 4388 में सवार युवकों ने फुल टैंक पेट्रोल भरवाया और बिना पैसे दिए अंबिकापुर की ओर भाग निकले। इस बार पंप के कर्मचारियों ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक से उनका करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। पीछा होते देख कार सवार घबरा गए और अंबिकापुर के चौपाटी स्थित जैन मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करके मौके से फरार हो गए। कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो अंदर छिपाकर रखा गया नंबर प्लेट मिला, जिससे वाहन स्वामी की पहचान हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से इसी तरह पेट्रोल पंपों को निशाना बना रहा था।

Share with