लोन सेटलमेंट के नाम पर 6.10 लाख लेकर जमा नहीं किया

शिकायत पर गांधीनगर थाने में आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज

अंबिकापुर। लोन खत्म कराने का झांसा देकर एक परिचित युवक ने पति-पत्नी से 6 लाख 10 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी ने पैसे लेकर कहा कि दोनों लोन सेटल हो गए हैं, लेकिन हकीकत में उसने बैंक या फाइनेंस कंपनी में एक रुपया भी जमा नहीं किया। जब कंपनी से बकाया किस्त के लिए फोन आया, तब दंपती को ठगी का पता चला। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता शकुंतला टोप्पो ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी प्रतीक ठाकुर के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, शकुंतला टोप्पो के पति इग्नासियुस टोप्पो ने वर्ष 2023 में एक्सिस बैंक से 5.50 लाख रुपये और चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी से 7.64 लाख रुपये लोन लिया था। किस्तें समय पर जमा नहीं होने से ब्याज बढ़ता जा रहा था, जिससे दंपती परेशान थे। इसी दौरान महिला के पति का परिचित प्रतीक ठाकुर 13 मार्च 2025 को उनके घर पटपरिया पहुंचा। उसने कहा कि वह दोनों लोन का सेटलमेंट करवा देगा और रकम जमा कर देगा। पुरानी पहचान होने के कारण दंपती ने उस पर भरोसा कर लिया। पुलिस मामले की जांच के साथ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करेगी।किश्तों में दिए 6.10 लाख रुपयेपुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दंपती ने उसी दिन आरोपी को 2 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद 7 जुलाई 2025 तक अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन और चेक के माध्यम से 4 लाख 10 हजार रुपये और दिए। इस तरह कुल 6 लाख 10 हजार रुपये आरोपी को सौंप दिया। रकम लेने के बाद आरोपी ने कहा कि दोनों लोन सेटल हो गए हैं, लेकिन उसने न तो कोई रसीद दी और न ही कोई दस्तावेज दिखाया। पूछने पर वह लगातार बहाने बनाता रहा।

कंपनी के फोन से खुला राज

कुछ दिन पहले चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी से इग्नासियुस टोप्पो के पास बकाया राशि जमा करने के लिए फोन आया। यह सुनकर दंपती हैरान रह गए, उन्हें लग रहा था कि लोन खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोपी से संपर्क किया तो उसने फिर से जल्द लोन क्लियर कराने का आश्वासन दिया, लेकिन पैसे जमा नहीं किए। अंत में ठगी का अहसास होने पर महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि शकुंतला टोप्पो आयुष विभाग में सक्ती जिले में पदस्थ हैं, जबकि उनके पति पंचायत सचिव हैं।

Share with