आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का 3 दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू

मांगें पूरी नहीं हुईं तो जाएंगी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ, जिला इकाई सरगुजा ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ ने कलेक्टर सरगुजा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, पुलिस अधीक्षक, सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी और समस्त परियोजना अधिकारियों को पत्र लिखकर धरना-प्रदर्शन की सूचना दी है।

संघ का कहना है कि लगातार समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन दिए जाते रहे हैं, लेकिन आज तक किसी भी मांग की पूर्ति और समस्या का निराकरण नहीं किया गया। इसी से नाराज होकर अब चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रथम चरण में 17 नवंबर से 19 नवंबर तक 03 दिवसीय जिला स्तरीय चरणबद्ध ध्यानाकर्षण धरना प्रदर्शन, द्वितीय चरण में 11 दिसंबर से 12 दिसंबर तक 02 दिवसीय प्रांत स्तरीय महापड़ाव प्रमुख है। संघ ने चेतावनी दी है कि उक्त धरना प्रदर्शन के बाद भी जल्द से जल्द मांगों की पूर्ति नहीं होती है तो प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी, जिसकी समस्त जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी। इनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, नियमितीकरण करते तक कार्यकर्ता व सहायिकाओं को 30 हजार रुपये मानदेय देना व आयु सीमा में छूट प्रदान कर कार्यकर्ताओं को 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों में परीक्षा न लेकर तत्काल 50 प्रतिशत पदों पर पदोन्नति देना शामिल है। संघ की जिला अध्यक्ष भुनेश्वरी सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुलोचना राजवाड़े, जिला सचिव सपना सिंह के नेतृत्व में जिले की कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से शासन का ध्यान इस ओर दिलाया है, और जल्द से जल्द मांगों की पूर्ति एवं समस्याओं के निराकरण की मांग की है।

Share with