करंट से हथिनी की मौत मामले में 5 गिरफ्तार, तार फेंक दिया था डैम में

उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसवामुड़ा में 7 वर्षीय हथिनी की करंट लगने से मौत हो गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि किसानों ने अपनी फसल बचाने के लिए खेत में जानलेवा तरीके से बिजली का तार बिछाकर रखा था। इसी तार की चपेट में आकर हथिनी की मौत हो गई। वन विभाग ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।उदयपुर रेंज में हाथी के मौत की यह दूसरी घटना थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। टीम ने सुखरीभंडार गांव के 12 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। लगातार दो दिन तक चली गहन पूछताछ के बाद आखिरकार सच सामने आ गया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में जगमोहन मझवार (41), भरोस मझवार (41), पारस मझवार (41), बुधराम मझवार (41) और रतनराम मझवार (37) शामिल हंै। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।खतरनाक तरीके से बिजली के खंभे से जोड़ते थे तारजांच में मौत का जाल बिछाने का जो तरीका सामने आया है वो बेहद खतरनाक है। घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर गन्ने की बाड़ी में लगे बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर खेतों में करंट दौड़ाया जाता था। मुख्य आरोपी भरोस मंझवार रोज शाम 7-8 बजे बिजली चालू करता था और पूरी रात करंट चालू रहता था। सुबह करीब 4 बजे, उजाला होने से पहले ही वह तार निकाल देता था, ताकि किसी को पता न चले। घटना वाले दिन जगमोहन मंझवार अपने खेत से घटनास्थल तक करंट वाला तार खींच कर ले गया था। रात में विचरण के दौरान हथिनी उसी तार की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वन विभाग की टीम ने किया मामले का पर्दाफास

हथिनी की मौत के बाद आरोपी डर गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने करंट वाला तार निकाल कर पास के डैम में फेंक दिया ताकि कोई सबूत न बचे। लेकिन वन विभाग की सूझबूझ से उनका यह प्लान फेल हो गया। इस पूरे मामले का पर्दाफाश करने में रेंजर फेकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में बनी टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में सर्किल प्रभारी यादवेंद्र सिंह पैकरा, गिरीश बहादुर सिंह, मलेश्वर प्रसाद, अशोक कुमार, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, राजेश कुजूर, अनीता मिंज, अरूलिया मिंज और वनपाल शशिकांत सिंह शामिल थे। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि फसल की सुरक्षा के लिए इस तरह का जानलेवा तरीका न अपनाएं। यह वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें जेल और जुर्माने दोनों का प्रावधान है।

Share with