अल्पसंख्यक समुदाय के मौलिक अधिकारों को कवच प्रदान करने कांग्रेस आगे आए

मुस्लिम संगठनों ने समान नागरिक संहिता को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री से की मुलाकात

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर रजा यूनिटी फाउंडेशन अंबिकापुर की पहल पर मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने इस्लामी शरीयत में संभावित हस्तक्षेप और अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों पर मंडरा रहे खतरे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने मांग की है कांग्रेस पार्टी विधानसभा में इस बिल के खिलाफ प्रभावी ढंग से आवाज उठाए और अल्पसंख्यक समुदाय को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की रक्षा करे। प्रतिनिधियों ने कहा कि समानता और न्याय के नाम पर किसी भी समुदाय के धार्मिक अधिकारों, व्यक्तिगत कानूनों एवं संवैधानिक स्वतंत्रता की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। ऐसे संवेदनशील विषय पर संबंधित समुदाय की राय और संवैधानिक मूल्यों को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है। रजा यूनिटी फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि संगठन मुस्लिम समाज के धार्मिक, सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। संगठन ने उम्मीद जताई है कांग्रेस पार्टी विपक्ष की जिम्मेदारी निभाते हुए विधानसभा में अल्पसंख्यक समुदाय के हितों की मजबूती के लिए पुरजोर प्रयास करेगी और यूसीसी बिल का विरोध कर अल्पसंख्यक समुदाय के मौलिक अधिकारों को कवच प्रदान करेगी। टीएस सिंहदेव ने यूसीसी बिल से अल्पसंख्यक समाज को होने वाली संभावित परेशानियों के प्रति चिंता जाहिर की और पार्टी फोरम व अन्य जगहों पर इस मुद्दे को उठाने का आश्वासन दिया।मुलाकात के दौरान प्रमुख रूप से रजा यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक शादाब आलम रिजवी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इकबाल अंसारी, अधिवक्ता नौशाद सिद्दीकी, इरफान सिद्दीकी, जिलानी खान, रशीद अंसारी, रहमत खान, फैजान अहमद, एडवोकेट युसूफ अहमद, मोहम्मद असलम, शहजाद अली, शेख रकीब अंसारी, तबरेज अंसारी, बउआ इश्तियाक, शाहजेब अंसारी, रकीब गुलजार, अनवर खान, मेराज अंसारी, शिफ्टेन रजा, गुलाब खान, एवं हाजी लुकमान सहित मुस्लिम समाज के विभिन्न इदारों एवं संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।

Share with