छत्तीसगढ़ को सशक्त विकास मॉडल के रूप में स्थापित कर रही सरकार-नेताम

राज्योत्सव 2026 का कला केंद्र मैदान में शानदार आयोजन

अंबिकापुर। जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और ऐतिहासिक निर्णय का परिणाम है। राज्य निर्माण के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। गांव-गांव तक पक्की सड़क, आवास और बिजली पहुंचाई जा रही है। छत्तीसगढ़ को विकास के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास यहां के किसानों, आदिवासियों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़ा है। किसानों के लिए धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, किसान सम्मान निधि, स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिलाओं को महतारी वंदन योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने भी राज्य निर्माण के लिए अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने भी शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत, एसएसपी राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

हितग्राहियों को सामग्री का वितरण

मुख्य अतिथि श्री नेताम ने विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को सामग्री वितरित की। पशुधन विकास विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को नर बकरा योजना के तहत चेक, कृषि विभाग द्वारा 5 को सॉइल हेल्थ कार्ड, मछली पालन विभाग द्वारा आइस बॉक्स एवं जाल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हब और सखी निवास के नियुक्ति पत्र, पंचायत विभाग द्वारा पीएम आवास योजना के तहत 3 हितग्राहियों को खुशियों की चाबी, एनआरएलएम के 11 समूहों को चेक, 2 समूहों को महतारी सदन की चाबी, समाज कल्याण विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए।

सांस्कृतिक संध्या बनी आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू के छत्तीसगढ़ी गीतों ने देर शाम तक दर्शकों को बांधे रखा। स्थानीय गायक स्वप्निल जायसवाल ने बॉलीवुड गीतों से समा बांधा। मुकुल विश्वास, कल्पना गुप्ता, सीमा तिवारी, अमित श्रीवास्तव, पल्लवी-पलक पाण्डेय, प्रियांशु मिश्रा सहित स्कूली छात्र-छात्राओं, कन्या शिक्षा परिसर, संगीत महाविद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।*विभागीय स्टालों ने खींचा ध्यान*कार्यक्रम स्थल पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, बिहान, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, पर्यटन, वन, समाज कल्याण, उद्यान, कृषि, पशु चिकित्सा, मत्स्य, नगर निगम, आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, सरगुजा पुलिस, केंद्रीय जेल, राजस्व, तिब्बती स्टॉल और रजवार भित्ति कला के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां लोगों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई।

Share with