सरगुजा के तीन शिक्षक राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लिए गर्व की खबर है। जिले के तीन शिक्षकों को नेशनल एंटी करप्शन कमीशन (एनएसीसी इंडिया) द्वारा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सम्मानित होने वालों में शशि शर्मा, प्रिया सिंह और डॉ. सुनील कुमार यादव शामिल हैं। इनकी इस उपलब्धि से पूरे शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।जानकारी के अनुसार, शशि शर्मा शासकीय प्राथमिक शाला भदवाही, विकासखंड उदयपुर में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं प्रिया सिंह शासकीय प्राथमिक शाला महेशपुर, विकासखंड अंबिकापुर में शिक्षिका हैं। डॉ. सुनील कुमार यादव शासकीय माध्यमिक शाला पेंडरखी, विकासखंड उदयपुर में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

तीनों शिक्षकों को मानवता, समाज और राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। सम्मान-पत्र में मानवता को बढ़ावा देने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने, नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्रीय विकास में योगदान देने के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की गई है। यह पुरस्कार समाज एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने और जनकल्याण के कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। तीनों शिक्षकों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के स्टाफ, खंड शिक्षा अधिकारी तथा परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Share with