नर्सिंग स्टाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, भर्ती मरीजों की संख्या कम करने की तैयारी

4 साल की डिग्री के बाद भी 2800 ग्रेड पे से नाराज, कहा-4800 नहीं तो

अंबिकापुर। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के बैनर तले ग्रेड पे वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के नर्सिंग कर्मियों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। आपातकालीन चिकित्सा के अलावा ऑपरेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के प्रभावित होने का खतरा है। आंदोलनकारियों ने कहा है कि अगर इस दौरान मरीजों के साथ कुछ भी अनुचित होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री की होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपा गया, सांकेतिक प्रदर्शन किया गया, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली, जिस कारण मजबूर होकर हड़ताल करने का फैसला लिया गया है। इधर अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि जिस प्रकार सेवा दे रही नर्सिंग सिस्टर और स्टाफ नर्सों के भी इनके समर्थन में आगे आने की बातें सामने आ रही है, उससे दिक्कत की स्थिति बन सकती है। संगठन की प्रदेश सचिव अन्नपूर्णा ने कहा कि वे चार साल की पढ़ाई करके डिग्रीधारी बनते हैं, इसके बावजूद उन्हें 2800 ग्रेड पे दिया जा रहा है। वहीं 6 महीने, 18 महीने और 1 साल का कोर्स करने वालों को भी वही 2800 ग्रेड पे मिल रहा है। डॉक्टर का कोर्स भी चार साल का होता है और नर्सिंग का भी, लेकिन दोनों में बहुत फर्क है। उन्होंने कहा कि 14-15 साल से भी ज्यादा समय से सीनियर दीदियां इस वेतन विसंगति को दूर करने के लिए संघर्षरत हैं। अब उनकी एक ही मांग है कि ग्रेड पे 4800 दिया जाए। अगर सरकार 4800 नहीं दे सकती तो 4400 का जो बना हुआ प्रस्ताव है, उसे ही पारित कर दें, ताकि काम करने में थोड़ी संतुष्टि मिले। उन्होंने बताया कि इस हड़ताल में मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल और दोनों के ही नियमित संवर्ग के कर्मचारी शामिल हैं। संविदा और डेली वेजेस कर्मचारियों को नुकसान न हो, इसलिए उनसे सिर्फ आधा समय देने के लिए अनुमति मांगी गई है। आंदोलनकारियों ने कहा कि काम प्रभावित हो, यह वे कभी नहीं चाहते थे, लेकिन बार-बार मांग के बाद भी सरकार सुध नहीं ले रही। अगर इस दौरान मरीजों को कुछ भी अनुचित होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की होगी।

कर्मचारी फेडरेशन ने दिया समर्थन

संगठन सचिव ने कहा कि कर्मचारी संघ के आह्वान पर वे यहां समर्थन देने आए हैं। पटवारी भाइयों को उचित मांग रखने पर निलंबित किया जा सकता है, तो कल यही स्थिति नर्सिंग कर्मियों के साथ भी हो सकती है। इसलिए उन्होंने फेडरेशन को समर्थन दिया है और फेडरेशन से भी समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि हम मरीज के साथ 24 घंटे खपते हैं, हवा से फैलने वाले रोगों में भी अपनी जान की परवाह किए बिना काम करते हैं, लेकिन सरकार हमारी बात नहीं समझ पा रही। मरीजों की परेशानी पर उन्होंने कहा कि हर बार हम ही जिम्मेदार ठहराए जाते हैं। हम प्रतिज्ञा लेते हैं कि हमारी वजह से किसी की जान न जाए। इस बार 3 दिन तक कैंपस में ही हड़ताल करेंगे, उसके बाद मुख्यमंत्री के पास जाकर अपनी मांग रखेंगे।

14 वर्ष से संघर्ष के बीच जेल गए, सैलरी रूकी

संघ की अध्यक्ष मालती सिंह उपाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह ने बताया, बीते 25 सितम्बर को ही वे अपनी मांगों की पूर्ति नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने की सूचना दे चुके हैं। 16 नवम्बर को पुन: इसकी सूचना देने के बाद पसेवा से पृथक होकर हड़ताल की ओर अग्रसर हुए हैं। तीन दिन तक अस्पताल परिसर में हड़ताल के बाद वे रायपुर जाकर सीएम और स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि, विगत 14 वर्षों से वे छत्तीसगढ़ राज्य में नर्सिंग संवर्ग ग्रेड पे वेतनमान के लिए संघर्षरत हंै। राज्य के नर्सिंग संवर्ग द्वारा 18 मई 2018 से 2 जून तक 16 दिनों का आंदोलन किया गया, जून माह में 1 और 2 तारीख को सभी नर्सिंग संवर्ग जो आंदोलन स्थल पर थीं, उन्हें सेंट्रल जेल में रखा गया, तत्पश्चात एक कमेटी का गठन हुआ जो सितंबर 2018 में अपनी रिपोर्ट दी, पर उसे लागू करने के स्थान पर 30 जून 2021 को अमान्य कर दिया गया। 2023 में पुन: आंदोलन हुआ जिसमें तत्कालीन सरकार ने कई लोगों को बर्खास्त कर दिया, सैलरी रोकी, लेकिन ग्रेड पे का लाभ नहीं मिला।

अधीक्षक ने कहा-120 स्ट्राइक में नहीं, फिर भी चैलेंज कम नहीं

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने बताया कि नर्सिंग स्टाफ के अनिश्चितकालीन आंदोलन को देखते हुए उन्होंने आपातकालीन बैठक करके नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्यों से ऐसे स्टूडेंट का सहयोग मांगा है, जो 3-4 वर्ष से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन्हें एक्सपर्ट स्टाफ के साथ ड्यूटी में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि हड़ताल को देखते हुए फिलहाल ऐसे मरीजों को डिस्चार्ज किया जाएगा, जिनके ऑपरेशन का प्लान आगे किया जा सकता है। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में प्रभाव को स्वीकारते हुए कहा कि, अगर एक्सपर्ट नर्सें भी स्टाफ नर्सों के हड़ताल में शामिल होती हैं, तो दिक्कत की स्थिति बनेगी, यह हमारे लिए चैलेंज होगा। उन्होंने बताया कि 279 स्टाफ नर्सों में रोजाना करीब 250 नर्सें ड्यूटी पर रहती हैं। इनमें से 120 ने लिखित में स्ट्राइक में नहीं जाने की बात कही है। वहीं नर्सिंग सिस्टर 35 हैं, जो नर्सिंग छात्राओं के साथ आईसीयू के अलावा वार्डों और आपातकालीन चिकित्सा में लगी हैं। डॉ. आर्या ने बताया कि राउंड के दौरान बुधवार को किसी प्रकार की विशेष दिक्कत सामने नहीं आई है, लेकिन आगे स्थिति को बनाए रखना चैलेंज से कम नहीं है।

Share with