जमीनी स्तर पर काम करके बूथ तक संगठन को मजबूत करने वाला ही आगे बढ़ेगा

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने विस्तारित बैठक में कार्यकर्ताओं को टटोला, दी नसीहत

अंबिकापुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के सरगुजा दौरे के दौरान बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस की विस्तारित बैठक ली। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट सहित सैकड़ों कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा ने देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कंट्रोल कर लिया है। चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था पर नियंत्रण स्थापित कर देश के नागरिकों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। हम अपने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष कर देश में पुन: संवैधानिक सत्ता को स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संगठन में जो सुधार के कदम उठाए हैं, उसके बाद कार्यकर्ता द्वारा किया गया कार्य ही संगठन में उसके आगे बढ़ने का आधार बनेगा। अब पद और जिम्मेदारी काम के आधार पर मिलेगी। जो कार्यकर्ता जमीन पर काम करेगा, बूथ तक संगठन को मजबूत करेगा, वही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सभी नेता केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों के पीछे पूरी ताकत के साथ एकजुट होकर काम कर रहे हैं। कांग्रेस में विचारों का लोकतंत्र है, आंतरिक लोकतंत्र है। हम भाजपा की तरह नहीं हैं, जहां मोदी और शाह द्वारा एकतरफा संवाद को तरजीह दी जाती है। अंत में सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, चौपालों को सफल बनाने और वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दीपक बैज ने भाजपा के तंत्र पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने देश में ऐसा तंत्र स्थापित कर दिया है, जिसमें सरकार का चुनाव वोट से न होकर सरकार के माध्यम से पहले उसकी इच्छा अनुसार मतदाता का चयन किया जा रहा है, फिर सरकार की इच्छा से चुने गए मतदाता के माध्यम से भाजपा की स्थायी सरकार की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तरीय एवं बूथ स्तरीय चौपाल के माध्यम से हम जमीन तक लोगों को वोट चोरी के साथ भाजपा के राज में महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य की खराब व्यवस्था, कानून व्यवस्था, धान खरीदी में धोखाधड़ी सहित अन्य मुद्दों को पहुंचाएंगे। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना होगा।

वोट की चोरी के खिलाफ सड़क पर संघर्ष

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस के पुरखों के खून-पसीने से प्राप्त इस देश की आजादी और उसे कायम करने वाले वोट के अधिकार का महत्व हमारे वे सभी बुजुर्ग जानते थे, जिन्होंने आजादी के संघर्ष को देखा था। आज वोट के उसी अधिकार की खुलेआम बेशर्मी के साथ चोरी की जा रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में सड़कों पर संघर्ष कर रही है। आज राहुल गांधी फिर से संघर्ष के उसी इतिहास को दोहरा रहे हैं, जो अंग्रेजों के विरोध में कांग्रेस के महापुरुषों ने किया था।

सिंहदेव ने स्थानीय मुद्दों पर किया प्रहार

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य के स्थानीय मुद्दों पर बात की। उन्होंने राशन कार्ड के विलोपित होने, भारी बिजली बिल, धान खरीदी में मनमानी जैसे विषयों पर बोलते हुए कहा कि सरकार डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर हितग्राहियों और लाभार्थियों के हितों पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐन त्योहार के मौके पर डिजिटलीकरण के नाम पर बड़े पैमाने पर राशन कार्ड हितग्राहियों के राशन पर सरकार ने डकैती डाली है। एग्रीस्टैक पंजीयन के नाम पर बड़े पैमाने पर योग्य किसानों के रकबे को शून्य घोषित कर उन्हें अपात्र किया गया है। स्मार्ट मीटर के नाम पर पूरे प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं पर अनाप-शनाप और भारी बिजली बिल का भार थोप दिया गया। उन्होंने कहा कि वास्तव में वोट पर नियंत्रण के माध्यम से सरकार बनाने में प्रयासरत भाजपा को आम नागरिकों की परवाह नहीं रह गई है।

Share with