रायपुर में नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन महिलाएं गिरफ्तार

ओडिशा की महिला को बंधक बनाकर बच्चे को बेचने की कोशिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। नि:शुल्क प्रसव और इलाज का झांसा देकर ओडिशा की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया और प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, महिला को उसके बच्चे के साथ एक मकान में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की रहने वाली पीडि़ता ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे नि:शुल्क प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के मकान में ठहराया गया।

बच्चे को बेचने के लिए बनाया दबाव

शिकायत के अनुसार, तीनों महिलाओं ने पीडि़ता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके होने वाले बच्चे को किसी नि:संतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला ने बच्चे को बेचने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे डराने-धमकाने का आरोप है।पीडि़ता ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को उसका प्रसव हुआ। इसके बाद आरोपियों ने उसे नवजात बच्चे के साथ अहिल्या के गोगांव स्थित मकान में रखा और कथित तौर पर बंधक बना लिया। आरोप है कि महिलाओं ने धमकी दी कि प्रसव और इलाज में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी।

तीनों आरोपी महिलाएं गिरफ्तार

पीडि़ता की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया है।

नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जांच

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संभावित संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय नेटवर्क, अन्य संदिग्धों और पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की जांच कर रही है। विवेचना में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share with