राजभवन के आदेश पर कुलसचिव का प्रभार मिला प्रवीण अग्रवाल को

विवादों से घिरे विश्वविद्यालय में फेरबदल के बाद कामकाज में तेजी आने की उम्मीद

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, अंबिकापुर में लंबे समय से चल रहे कुलपति और कुलसचिव के बीच विवाद का अंत आखिरकार कुलसचिव को हटाने के साथ हुआ। राजभवन के आदेश के बाद प्रभारी कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का प्रभार सौंपा गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश से इस बात की पुष्टि की गई है।आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल के अवर सचिव, लोक भवन, रायपुर के पत्र दिनांक 18 नवंबर 2026 में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को प्रभारी कुलसचिव के दायित्वों से तत्काल प्रभाव से भारमुक्त किया जाता है। प्रवीण कुमार अग्रवाल, उप कुलसचिव को कुलसचिव के पद का प्रभार वित्तीय प्रभार सहित तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से सौंपा जाता है। यह आदेश कुलपति महोदय द्वारा अनुमोदित है। इस आदेश के बाद प्रशासनिक कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। लंबे समय से अटके कई प्रशासनिक निर्णय अब नए प्रभारी कुलसचिव के आने के बाद लिए जा सकेंगे।

कुलपति ने योग्यता पर उठाए थे सवाल

बताया जा रहा है कि कुलपति ने कुलसचिव की योग्यता पर सवाल उठाते हुए राजभवन को पत्र लिखा था, वहीं कुलसचिव के द्वारा कुलपति को सवालों के घेरे में लिया जा रहा था। कुलपति का कहना था कि कुलसचिव पद के लिए निर्धारित अर्हता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी पत्र के बाद राजभवन ने मामले में हस्तक्षेप किया और जांच के बाद हटाने का निर्देश जारी किया। कुलपति व कुलसचिव के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज में तालमेल नहीं बैठ पा रहा था। कई फैसलों को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद सामने आते रहे। इससे विश्वविद्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। अन्य कर्मचारी और अधिकारी भी अंर्तकलह के बीच पशोपेश में थे।

प्रतिनियुक्ति पर आए थे त्रिपाठी

डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी जनकपुर स्थित सरकारी कॉलेज में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ थे। सरकार ने उन्हें प्रतिनियुक्ति पर कुलसचिव बनाकर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर भेजा था। यहां आने के बाद से ही उनकी नियुक्ति और कार्यशैली को लेकर सवाल उठते रहे। इनके हटने के बाद उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे आगामी आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।

Share with