सीनियर नर्सों के मॉनीटरिंग में नर्सिंग की छात्राओं के हवाले मेडिकल कॉलेज अस्पताल

दूसरे दिन भी नर्सों ने हल्ला बोला, स्वास्थ्य सेवाओं के चरमराने का किया दावा

अंबिकापुर। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के बैनर तले ग्रेड पे वेतनमान सहित अन्य मांगों को लेकर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ दूसरे दिन भी हड़ताल डटी रहीं, और शासन के गंभीर नहीं होने पर नाराजगी जताई। इन्होंने कहा-चार वर्ष नर्सिंग की पढ़ाई में कईयों के अभिभावक जमीन तक गिरवी रख दिए, इसके बाद उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का काम सरकार कर रही है, जबकि नर्सें स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं। मांग पूरी नहीं होने तक वे हड़ताल में डटे रहेंगी। इधर अस्पताल में सीनियर नर्सिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में नर्सिंग की अंतिम वर्ष की छात्राएं आपातकालीन चिकित्सा परिसर सहित विभिन्न वार्डों में डटे नजर आईं।

संगठन की प्रदेश सचिव अन्नपूर्णा, सरगुजा अध्यक्ष मालती सिंह, उपाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह ने ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को दोहराते हुए दावा किया कि हड़ताल में मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल दोनों के नियमित संवर्ग के कर्मचारियों के शामिल होने से चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। स्वास्थ्य सेवा का काम प्रभावित हो, यह उनकी मंशा नहीं है, लेकिन डेढ़ दशक से की जा रही मांग के बाद भी सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। अगर इस दौरान मरीजों को कुछ भी अनुचित होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की होगी, इसे हम बार-बार दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम मरीज के साथ 24 घंटे खपते हैं, तमाम आरोप झेलते हैं। मरीजों को परेशानी होने पर हर बार उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जाता है। इन सबके बीच वे अपनी मांग को लेकर कल शुक्रवार तक कैंपस में ही हड़ताल करेंगी, इसके बाद रायपुर में होने वाले प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होंगे।

हेल्दी सीजन के बाद भी 500 से अधिक भर्ती

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या ने बताया कि नर्सिंग स्टाफ के अनिश्चितकालीन आंदोलन को देखते हुए उन्होंने आपातकालीन बैठक करके नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्यों से फाइनल इयर के नर्सिंग स्टूडेंट का सहयोग मांगा था। इन्हें सीनियर नर्सों के साथ ड्यूटी में लगाया गया है। उन्होंने कहा हेल्दी सीजन होने के बाद भी आज की स्थिति में यहां 500 से अधिक मरीज भर्ती हैं। इन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर नर्सिंग की छात्राओं और नर्सिंग सिस्टरों का पूरा ध्यान है। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में प्रभाव को स्वीकारते हुए कहा कि, अगर एक्सपर्ट नर्सें भी स्टाफ नर्सों के साथ हड़ताल में शामिल होती हैं, तो दिक्कत की स्थिति बनेगी, यह हमारे लिए चैलेंज होगा।

130 और स्ट्राइक में गए तो चरमराएगी व्यवस्था

अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि 250 नर्सों में 120 हड़ताल पर हैं। नर्सिंग सिस्टर 35 हैं, जो नर्सिंग छात्राओं के साथ आईसीयू, ओटी के अलावा वार्डों और आपातकालीन चिकित्सा परिसर में लगी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का ध्यान भी उन्होंने इस ओर ध्यान दिलाया है ताकि नर्सों के कारण स्वास्थ्य सेवा में व्यवधान की स्थिति न बने, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का आग्रह किया गया है। बता दें कि, सरगुजा मुख्यालय का सबसे बड़ा अस्पताल होने के कारण बेहतर उपचार की आस में यहां रोजाना सैकड़ों मरीजों का आना होता है।

Share with