खांचाकूड़ा जंगल में वन विभाग ने अवैध कब्जे वाली फसल की नष्ट, झोपड़ियों को हटाया

आक्रोशित ग्रामीण पहुंचे कार्यालय, रेंजर की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

लखनपुर/अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खांचाकूड़ा जंगल में अवैध अतिक्रमण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वन भूमि पर पेड़ काटकर कब्जा कर बोई गई फसल को विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नष्ट कर दिया और झोपड़ी को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कटिंदा सर्किल के पी-कक्ष क्रमांक 2259 में की गई। यहां सुखसाय पिता जागेश्वर राजवाड़े सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा एक एकड़ से अधिक वन भूमि पर पेड़-पौधों की कटाई कर अवैध रूप से फसल बो दी गई थी। यही नहीं झोपड़ियों का निर्माण भी किया गया था। इसकी शिकायत मिलने पर रेंजर रामनिवास दहायत के नेतृत्व में वन अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

हर साल होता है अतिक्रमण

बताया जा रहा है कि खांचाकूड़ा जंगल में अतिक्रमण कोई नया मामला नहीं है। हर साल यहां पेड़ों की कटाई कर वन भूमि पर कब्जा कर फसल बो दी जाती है। वन विभाग समय-समय पर कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाता है और ग्रामीणों को दोबारा कब्जा नहीं करने की समझाइश भी देता है, इसके बावजूद दबंगई के चलते फिर से अतिक्रमण कर लिया जाता है। विभाग ने इस बार अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि, भविष्य में दोबारा वन भूमि पर कब्जा किया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।महिलाओं को आगे कर किया विरोधकार्रवाई के बाद शनिवार दोपहर अतिक्रमणकारी ग्रामीण महिलाओं को आगे कर लखनपुर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। ग्रामीण फसल नुकसान का मुआवजा मांगने लगे। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में रेंजर रामनिवास दहायत द्वारा समझाइश देी गई, इसके बाद मामला शांत हुआ।

Share with