लापरवाह ठेकेदारों की बैंक गारंटी जब्त होगी, ब्लैकलिस्ट होंगे

लोनिवि के सचिव बंसल का तूफानी दौरा, सघन निरीक्षण दौरान दिखा नरम-गरम तेवर

अंबिकापुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक चार जिलों में सड़क, पुल-पुलिया, कॉलेज, अस्पताल और अन्य निर्माण कार्यों की सघन पड़ताल की। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में मौके पर पहुंचकर उन्होंने काम की प्रगति और गुणवत्ता परखी। जहां लापरवाही मिली, वहां मौके पर ही सख्त निर्देश दिए। धीमे काम और सड़क संधारण में लापरवाही पर ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया।
दौरे में प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर तथा संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे। टीम ने जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार, कोतबा, लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर पर कार्रवाई
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण में संधारण अवधि में ठेकेदारों द्वारा समुचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव बंसल ने दोनों मार्गों के ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संधारण कार्य नहीं करने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल में पेंटिंग कराने को भी कहा। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के निरीक्षण में कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया। सड़क संधारण की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत के निर्देश दिए।

कमलेश्वरपुर कॉलेज को डेडलाइन, मेडिकल कॉलेज को नोटिस
कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन के निरीक्षण में सचिव ने 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई और 15 जनवरी 2027 तक भूतल का पूरा स्लैब निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। कॉलेज के लिए चिन्हांकित भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा मिलने पर कलेक्टर से समन्वय कर हटाने को कहा। भवन में टाटा वायरॉन फेंसिंग का काम कराने को भी कहा गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण की धीमी प्रगति पर सचिव ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता और नियमित निगरानी के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने को कहा। निगरानी व्यवस्था के तहत उप अभियंता को प्रतिदिन, अनुविभागीय अधिकारी को दो दिन में एक बार तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को हर 30 दिन में निरीक्षण करने को कहा गया। कार्यपालन अभियंता को भी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

दरिमा एयरपोर्ट पर रि-कारपेटिंग, बाउंड्रीवॉल का प्रस्ताव
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण में टर्मिनल भवन के सामने सड़क पर रि-कारपेटिंग कराने और एयरपोर्ट किनारे बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। परिसर में घास कटाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

कार्यालय परिसर की सफाई पर जोर
लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय भवन और सड़क परिसर का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय और छत की साफ-सफाई, परिसर से घास-फूस हटाने और विभागीय संपत्तियों के रखरखाव के निर्देश दिए गए। कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल, शेड निर्माण, क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी के लिए प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया। दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत सहित अन्य कार्यों के लिए स्वीकृति लेकर तुरंत काम शुरू करने को कहा गया। दो दिवसीय दौरे में सचिव ने साफ कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। हर काम तय मानकों के अनुरूप और तय समय में पूरा होना चाहिए। सड़कों की मरम्मत में देरी नहीं होनी चाहिए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

89 करोड़ से चमकी राजपुर-प्रतापपुर सड़क, 29.20 किमी मार्ग पर सचिव बंसल ने किया निरीक्षण – 5 साल की गारंटी में है सड़क
*बलरामपुर। केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत 89 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से उन्नत किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निरीक्षण किया। इस साल जनवरी में 29.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उन्नयन और मजबूतीकरण किया गया है। यह सड़क पांच वर्षों की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है।
निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने सड़क की मौजूदा स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गारंटी अवधि में सड़क के रखरखाव में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जहां भी मरम्मत की जरूरत हो, वहां तत्काल काम कराया जाए। दो दिवसीय दौरे में सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, सड़क संधारण में तत्परता और निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

Share with