घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखते थे गांजा, पुड़िया बनाकर बेचते थे पति-पत्नी

4.640 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजी पुलिस

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बनारस रोड चठिरमा में घर के पीछे बाड़ी में गांजा छिपाकर बेचने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 4.640 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 32 हजार रुपये बताई जा रही है।

मामला 20 नवंबर का है। थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड चठिरमा निवासी रिपन बाला अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने घर के पीछे बाड़ी में सफेद रंग के झोले में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। आरोपी कागज और प्लास्टिक की पन्नी में 50 रुपये और 100 रुपये की पुड़िया बनाकर गांजा बेच रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम रिपन बाला, पिता स्व. महाननंद बाला 53 वर्ष और उसकी पत्नी, निवासी बनारस रोड चठिरमा, थाना गांधीनगर बताया। पुलिस टीम ने विधिवत तलाशी ली तो घर के पीछे बाड़ी के पास छिपाकर रखे गए सफेद रंग के प्लास्टिक झोले से कुल 4.640 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ अपराध सबूत पाए जाने पर थाना गांधीनगर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक शिव कुमार कुर्रे, आनंद मिंज, महिला आरक्षक रीना दुबे तथा साइबर सेल से साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक अशोक यादव एवं मनीष सिंह सक्रिय रहे।

Share with