तेज रफ्तार बस टायर फटते ही पेड़ से टकराई, कंडेक्टर की मौत

एक दर्जन से अधिक यात्री घायल, हादसे के बाद बनी कोहराम की स्थिति

अंबिकापुर। बिहार से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर आ रही एक यात्री बस सूरजपुर जिले के प्रतापपुर-शिवपुर मार्ग, खजुरी बांध के पास सोमवार को अलसुबह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कोहराम की स्थिति बन गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कंडेक्टर की मौत हो गई, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर हालत में 4 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया, यहां दो का उपचार चल रहा है। हादसे ने यात्री बसों के परमिट और उनके निर्धारित मार्ग पर संचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस संचालकों का आरोप है कि बिहार और उत्तर प्रदेश से आने-जाने वाली कई बसें, परमिट के विपरीत मार्गों से होकर संचालित हो रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के सासाराम से यात्रियों को लेकर शमीम बस क्रमांक सीजी 15 ईए 3408 का चालक रविवार को अंबिकापुर के लिए निकला था। बस देर रात सेमरसोत होते हुए प्रतापपुर पहुंचने ही वाली थी, इसके पूर्व शिवपुर मोड़ के पास उसका टायर फट गया। बस का टायर अचानक फटने से चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत की ओर झुक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा अन्य लोगों की मदद से घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी घायलों को डॉयल 112 और एंबुलेंस की मदद से प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां 4 यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इनमें से मूलत: झारखंड पलामू के ग्राम मझौली मनातू निवासी शहरेयार खान पिता मो. सरफुद्दीन खान 37 वर्ष, वर्तमान निवासी नवागढ़ अंबिकापुर को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। एक घायल यात्री को स्वजन अन्य अस्पताल ले गए, दो का जिला अस्पताल में, अन्य घायलों का प्रतापपुर में इलाज चल रहा है। बस हादसे की सूचना यात्रियों के स्वजन को मिली तो अस्पताल में गहमागहमी का माहौल बन गया। हादसे की खबर के बाद सोमवार की सुबह दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।

हादसे में ये हुए घायल, एक रेफर

पेड़ से हुई बस की टक्कर में रवि सोनी, मालती, प्रिया सोनी, शांति, निखिल सिंह, गुड़िया सोनी, रानी सोनी, रूद्र सिंह, प्रीति सिंह, जगदेव, दिलीप सहित अन्य घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों में रेफर ठाकुरपुर निवासी जुगदेव को इलाज के बीच स्वजन बिना सूचना दिए ले गए। मालती देवी को रायपुर रेफर कर दिया गया है। अंबिकापुर की शकुंतला और अनीश सोनी लरंग साय चौक का मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

परमिट शर्तों का उल्लंघन, यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़

बस संचालकों का कहना है कि निर्धारित मार्ग से हटकर बसों का संचालन सीधे तौर पर परमिट शर्तों का उल्लंघन है। इससे न केवल स्थानीय मार्ग के यात्रियों को परेशानी होती है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में बीमा, मुआवजा और जिम्मेदारी को लेकर भी पेचीदगियां खड़ी हो जाती हैं। यह बस हादसा इसी लापरवाही का नतीजा है। बताया जा रहा है पहले राजपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का हवाला देकर बसों के प्रतापपुर से गुजरने की बात कही जाती थी, लेकिन अब सड़क बन जाने के बाद भी बसों का मार्ग नहीं बदला है। ऐसे में सासाराम-अंबिकापुर सहित बिहार और उत्तर प्रदेश से आने वाली सभी बसों के परमिट और वास्तविक मार्ग की जांच जरूरी है।

Share with