मेडिकल स्टोर के आड़ में नशे का कारोबार, संचालक जेल दाखिल

2 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप और 3600 टैबलेट जब्त

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने अंबिकापुर में नशीली दवाओं के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मेडिकल दुकान संचालक राजेश समद्दार के ठिकाने से करीब दो लाख रुपये कीमत की 207 नग प्रतिबंधित कफ सीरप एवं 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट जब्त कर उसे जेल दाखिल कर दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-2 के न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर के संचालक मालिक राजेश समद्दार द्वारा भारी मात्रा में नशीली कफ सीरप एवं टैबलेट बेचा जा रहा है। इसकी तस्दीक के लिए पहले मेडिकल स्टोर से खरीदी कराई गई। खरीदी की पुष्टि होने पर न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में छापा मारा गया। मेडिकल दुकान का मालिक राजेश समद्दार दुकान पर मौजूद मिला, परंतु मेडिकल स्टोर में कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला। तत्पश्चात मेडिकल स्टोर के पीछे एक कमरे से स्वयं मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश समद्दार ने 132 नग मैगनाटस-टी कफ सिरप और 75 नग एपिमोर सिरप और 3600 नग प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कराया। राजेश समद्दार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत गिरफ्तार करके यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया। आरोपी से जब्त संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग दो लाख रुपये है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडे, आशीष कुंज, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उत्तर प्रदेश से इंजेक्शन, टेबलेट लेकर आता था सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश से माल लेकर आता है। आगे के लिंक की पतासाजी की जा रही है। उन्होंने नशीली दवाइयों के कारोबारियों से अपील की है कि वे इस व्यापार से दूर रहें, क्योंकि इसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत कठिन से कठिन सजा दी जा रही है। अपने बाल-बच्चों एवं अपने परिवार का ध्यान रखें तथा नशीली दवाइयां बेचकर युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में न ढकेलें।

Share with