खनिज नियमों में रोज संशोधन से परेशान क्रशर संचालक

अनिश्चितकालीन बंद की तैयारी सांसद के आश्वासन पर टला

अंबिकापुर। खनिज नियमों में लगातार हो रहे संशोधनों से परेशान सरगुजा और बलरामपुर जिले के क्रशर संचालकों ने अनिश्चितकालीन बंद की तैयारी कर ली थी, लेकिन सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के आश्वासन के बाद फिलहाल निर्णय टाल दिया गया है।जानकारी के अनुसार, बीती रात क्रशर संघ सरगुजा और बलरामपुर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचालकों ने कहा कि खनिज विभाग द्वारा रोज नए नियमों में संशोधन किया जा रहा है, जिससे व्यापार संचालन में भारी परेशानी हो रही है। सभी सदस्यों ने अपनी समस्याएं रखीं और अनिश्चितकालीन बंद पर सहमति बनाई। इसी दौरान संघ के कुछ पदाधिकारियों ने मामले को लेकर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज से चर्चा करने का सुझाव दिया, जिस पर सभी ने सहमति जताई। इसके बाद दोनों जिलों के संगठन के पदाधिकारियों ने एक साथ सांसद से भेंट की। सांसद ने क्रशर संघ की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। सांसद के आश्वासन के बाद संघ ने अनिश्चितकालीन बंद के निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया है। संघ ने कहा है कि आगामी दिनों में यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो फिर से बैठक कर आगे के निर्णय पर विचार किया जाएगा।

Share with