शराब पीकर वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग के 63 मामलों में कार्रवाई

अंबिकापुर। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर और यातायात शाखा की टीमों ने संयुक्त रूप से प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी एवं मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों पर पुलिस की नजर रही। कुल 63 वाहन चालकों मेंं 05 तीन सवारी वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई हुई।अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 4 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालयीन कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली पुलिस ने एमव्ही एक्ट के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज किए, जिसमें बिना हेलमेट 3 प्रकरणों में 1,500 रुपये शुल्क और मौके पर दस्तावेज पेश नहीं करने के 3 प्रकरणों में 1,800 रुपये शुल्क की कार्रवाई की गई। थाना गांधीनगर पुलिस ने कुल 08 प्रकरणों में 3,700 रुपये समन शुल्क वसूला। इसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के 03 प्रकरण, मौके पर दस्तावेज पेश नहीं करने के 04 प्रकरण और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने का 01 प्रकरण शामिल है। थाना मणीपुर पुलिस ने बिना सीट बेल्ट के 3 प्रकरण, मौके पर दस्तावेज पेश नहीं करने के 5 प्रकरण और तीन सवारी के 2 प्रकरण समेत कुल 10 चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने सर्वाधिक 35 प्रकरणों में की कार्रवाई

यातायात शाखा ने सर्वाधिक 35 प्रकरणों में 14,900 रुपये का समन शुल्क वसूला, जिसमें बिना सीट बेल्ट के 14 प्रकरण, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग के 8 प्रकरण, बिना हेलमेट 5 प्रकरण, दोपहिया पर ट्रिपल राइडिंग 3 प्रकरण, मालवाहक में सवारी बैठाने के 2 प्रकरण, दस्तावेज नहीं होने के 2 प्रकरण और बिना वर्दी वाहन चलाने के 1 प्रकरण में कार्रवाई की।

नाबालिग के वाहन चलानेे पर 25 हजार, पिकअप चालक पर 10 हजार अर्थदंड

यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दो प्रकरणों में न्यायालय द्वारा 35 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। नाबालिग द्वारा दोपहिया वाहन चालन के मामले में न्यायालय द्वारा रूपचंद पिता तेज नारायण 45 वर्ष, निवासी ग्राम हर्रटिकरा पर 25 हजार रुपये अर्थदंड लगाया है। वहीं दूसरे प्रकरण में, पिकअप वाहन चालक राजा नागेश पिता मोहन नागेश 35 वर्ष, निवासी लुण्ड्रा के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट शराब के नशे में वाहन चलाने पर न्यायालय द्वारा 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।

अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए करें नियमों का पालन

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें और शराब पीकर वाहन चलाने या ट्रिपल राइडिंग जैसी लापरवाही से बचें। नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें।

Share with