धर्म बदलने वालों का आरक्षण खत्म हो, देश में लागू हो डी-लिस्टिंग कानून: प्रवीण तोगड़िया

हिंदू समाज को जोड़ने देशभर में चलेगा संगठनात्मक अभियान, खुलेगा केंद्र

अंबिकापुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया का पहली बार अंबिकापुर प्रवास हुआ। वे चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं, जिसके अंतर्गत रायपुर और रायगढ़ के बाद वे अंबिकापुर पहुंचे। अंबिकापुर में उन्होंने हिंदू सम्मेलन को संबोधित किया और शहर के रॉयल पार्क में स्थानीय कार्यकर्ताओं व लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए धर्मांतरण, हिंदू एकता और किसानों के मुद्दे पर कहा कि जब तक धर्म बदलने वालों को मिलने वाले सरकारी लाभ पर रोक नहीं लगेगी, तब तक गांव-गांव में धर्मांतरण नहीं रुकेगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से डी-लिस्टिंग कानून लागू करना समय की मांग है।

डॉ. तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज को जोड़ने के लिए अब देशभर में एक बड़ा संगठनात्मक अभियान चलाया जा रहा है। हर गांव, हर मोहल्ले और हर गली तक पहुंच बनाने के लिए हनुमान चालीसा केंद्र और हिंदू सेवा केंद्र खोले जा रहे हैं। ये केंद्र मंगलवार और शनिवार को संचालित होंगे। वहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ समाज को जोड़ने, संस्कार देने और एक-दूसरे की मदद करने का काम होगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि समृद्ध, सुरक्षित और सम्मानयुक्त हिंदू समाज बनाना है। इसके लिए हर घर तक इस अभियान को पहुंचाना होगा। जब हिंदू एकजुट होगा, तभी उसकी आवाज मजबूत होगी और उसकी समस्याओं का समाधान होगा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।

हिंदू सेवा केंद्र सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहेंगे

प्रवीण तोगड़िया ने हिंदू सेवा केंद्रों की भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि ये केंद्र सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहेंगे। यहां जरूरतमंद परिवारों को अनाज, स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इन केंद्रों को हिंदू हेल्प सेंटर, हिंदू आरोग्य केंद्र और सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिंदू हेल्पलाइन के जरिए देश के किसी भी हिस्से में फंसे जरूरतमंद हिंदू परिवार तक मदद पहुंचाई जाएगी। चाहे इलाज हो, राशन हो या कानूनी मदद, हेल्पलाइन के माध्यम से उसे सहायता दी जाएगी। उनका मानना है कि जब समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिलेगी, तो उन्हें बहकाकर धर्म बदलवाने की कोशिशें अपने आप कमजोर पड़ जाएंगी।

…तो यही नियम ट्राइबल समाज पर क्यों लागू नहीं?

सम्मेलन में सबसे तीखा मुद्दा डी-लिस्टिंग का रहा। डॉ. तोगड़िया ने कहा कि ट्राइबल समाज के लोग अपनी मूल परंपरा, पूजा-पद्धति और संस्कृति को छोड़कर ईसाई धर्म अपना लेते हैं, उन्हें फिर भी अनुसूचित जनजाति का आरक्षण मिलता रहता है। इससे उन लोगों का हक मारा जाता है, जो अपनी परंपराओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई अनुसूचित जाति का व्यक्ति ईसाई बन जाता है, तो उसका आरक्षण समाप्त हो जाता है, फिर यही नियम ट्राइबल समाज पर क्यों लागू नहीं होता? उन्होंने मांग की, धर्म परिवर्तन करने वाले ट्राइबल लोगों को भी आरक्षण सूची से बाहर किया जाए। यही डी-लिस्टिंग है और इसे पूरे देश में कानून बनाकर लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर जल्द फैसला लेगी।

राज्य सरकार किसानों को उचित मुआवजा दे

डॉ. तोगड़िया ने छत्तीसगढ़ में हाल ही में आए साइक्लोन से धान की फसल को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद प्रभावित इलाकों का दौरा किया है और किसानों की हालत देखी है। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हुई है। राज्य सरकार को बिना देरी किए किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देना चाहिए, ताकि किसान फिर से खड़ा हो सके।

Share with