संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में विशेष आयोजन: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कराया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की ली शपथ

एमसीबी। राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

संवैधानिक मूल्यों को जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने का संदेश

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संविधान के मूल आदर्शों का पालन करते हुए देश एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने संवैधानिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन तथा सशक्त, समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, अवसर की समानता तथा देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को दैनिक जीवन एवं शासकीय कार्य व्यवहार में अपनाने का संदेश भी दिया गया।

संविधान दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के स्मरण का अवसर

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।कलेक्ट्रेट में आयोजित सामूहिक वाचन कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आस्था तथा जनसेवा के दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, मंडल अध्यक्ष रोहित वर्मा एवं विधायक प्रतिनिधि महेंद्र पाल सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक आदर्शों के संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Share with