Uncategorized

ग्रामीण रोजगार को मिले रफ्तार, वीबी-जी राम जी से अधिकाधिक ग्रामीणों को जोड़ें: कलेक्टर

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में कलेक्टर ने वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) के अंतर्गत अधिक से अधिक ग्रामीणों को जोड़ने व रोजगार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, इसके साथ ही आगामी धान खरीदी की तैयारियों, नवीन धान उपार्जन केंद्रों समय-सीमा पर स्थापित करने तथा विशेष आधार शिविर के सफल आयोजन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G) को लेकर कलेक्टर ने कहा कि सशक्तिकरण, विकास, अभिसरण और परिपूर्णता के सिद्धांतों पर आधारित यह अधिनियम ग्रामीण रोजगार को कल्याणकारी योजना से आगे बढ़ाकर विकास का एकीकृत माध्यम बनाता है। यह ग्रामीण परिवारों की आय सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ मजदूरी व रोजगार को टिकाऊ और उत्पादक परिसंपत्तियों के सृजन से जोड़ता है। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्रामीणों को योजना के लाभों से अवगत कराने के लिए गांवों में विशेष शिविर और बैठकें आयोजित की जाएं तथा मैदानी अमला और नोडल अधिकारी घर-घर पहुंचकर लोगों को इससे जोड़ें। ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसे प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जो युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों को सीधे रोजगार से जोड़ सकें। कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत में सक्रिय श्रमिकों की संख्या की जानकारी लेते हुए जनपद सीईओ को एक सप्ताह की समय-सीमा में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि लापरवाही की स्थिति में वेतन रोका जाएगा। विकासखंड स्तर पर कार्यों में गति लाने के लिए उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को नियमित मॉनिटरिंग और भौतिक निरीक्षण करने को कहा।
धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व ही संबंधित विभाग अपनी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें और खरीदी केंद्रों की वर्तमान स्थिति का अभी से मूल्यांकन करें। उल्लेखनीय है कि जिले को पांच नवीन धान उपार्जन केंद्रों की सौगात मिली है। जारी आदेश के अनुसार शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम सिहार, राजपुर के परसागुड़ी, बलरामपुर के लिलौटी तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के चेरा एवं पचावल में नए केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कलेक्टर ने इन केंद्रों से जुड़े कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल सके।
बैठक में आगामी विशेष आधार शिविर की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिला प्रशासन द्वारा 14 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय बलरामपुर, 15 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय शंकरगढ़ तथा 16 अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय कुसमी में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विशेष आधार शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने जनपद सीईओ को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार और मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद सीईओ के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम सहित अन्य विभागों से कहा कि वे अपने पात्र हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचाएं, ताकि वे आधार कार्ड बनवाने और अद्यतन कराने की सुविधा का लाभ उठा सकें।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रगतिरत कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण कराने तथा मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्षों का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर दीदियों का वेंडरों के साथ समन्वय स्थापित कराने को भी कहा गया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन निर्माण कार्यों की पूर्व निर्धारित समय-सीमा बीत चुकी है, उनके लिए नई समय-सीमा तय कर नियत तिथि पर कार्य पूर्ण कराया जाए। कार्यालय प्रमुखों से उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अपने अधीनस्थों की नियमित समीक्षा करें।
बैठक में कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अवैध अतिक्रमण, विवादित एवं अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन और त्रुटि सुधार सहित अन्य प्रकरणों की गहन समीक्षा की तथा सभी प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share with