उदयपुर में घने जंगल में क्या है दफन, आज होगी खोदाई

उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सानीबर्रा के सेमीघाघरा जंगल में संदिग्ध परिस्थिति में गड्ढा खोदकर कुछ दफनाने की आशंका व्यक्त करते हुए इसकी शिकायत पुलिस से की गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की है। संबंधित स्थल की खोदाई आज रविवार को होने की बातें सामने आ रही है, इसके बाद ही वास्तविकता सामने आ पाएगी।ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार दोपहर एक सफेद बोलेरो जंगल किनारे आकर रुकी, जिसमें से दो मोटे लोग फावड़ा लेकर उतरे। ग्रामीणों ने समझा कि कोई छुही मिट्टी लेने आया है। जंगल किनारे केकड़ा पकड़ रहे बच्चों ने बताया कि उन्हें देखकर फावड़ा पकड़े लोग छिपने लगे। गुरुवार दोपहर गाय-बकरी चराने वालों ने घने जंगल में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा देखा। गड्ढे में कुछ दफनाया हुआ प्रतीत हुआ और सफेद कपड़ा बाहर निकला हुआ था, जिसके ऊपर बड़े जूते के निशान थे। इससे ग्रामीण सशंकित हो गए। शाम होते तक बात पूरे सेमीघोघरा में फैल गई, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। पवन कुमार पण्डो ने इस संबंध में लिखित जानकारी थाना प्रभारी को दी है। थाना प्रभारी उदयपुर की टीम पहुंचकर जांच की है। गड्ढे में क्या दफनाया गया है, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है।

Share with