सड़कों पर हाथियों का राज, कई बार सड़क जाम होने की बन रही नौबत

रामनगर में फसलें तबाह, किसान बेहाल, वन अमला कर रहा निगरानी, पूरी तरह नहीं मिल रही सफलता

उदयपुर। उदयपुर वन परिक्षेत्र में इन दिनों हाथियों का दल ग्रामीणों के लिए आतंक का पर्याय बना हुआ है। इलाके के कर्म-कठरा जंगल से लेकर जजगी, मतरिंगा रोड तक पूरा क्षेत्र हाथी विचरण क्षेत्र बन गया है। यहां दिन-रात हाथी आते-जाते देखे जा सकते हैं। वर्तमान में हाथियों का दल शावकों के साथ वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों में विचरण कर रहा है।

पिछले चार दिनों से यह दल ग्राम रामनगर में डेरा डाले हुए है। किसानों की खड़ी धान सहित अन्य फसलों को हाथियों ने बुरी तरह रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया है। रात के अंधेरे में दल खेतों में घुस जाता है और पूरी फसल को तबाह कर देता है। वन विभाग अपनी तरफ से धन-जन हानि रोकने के प्रयास में है। हालांकि फसल नुकसान रोकने में कोई ठोस मदद नहीं मिल रही है।

इधर, हाथियों की आवाजाही से उदयपुर से केदमा जाने वाला मुख्य मार्ग भी बाधित हो रहा है। हाथी अलग-अलग जगहों पर अचानक सड़क पार करने लगते हैं। कई बार स्थिति ऐसी बन जाती है कि सुरक्षा के मद्देनजर केदमा सड़क को बंद करना पड़ जाता है। राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। दिन में भी सड़क पर हाथियों के दिखने से लोगों में दहशत है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने अलग-अलग टीमें बनाकर हाथियों की निगरानी शुरू कर दी है। वन अमला दिन-रात हाथियों के लोकेशन को ट्रैक कर रहा है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दे रहा है। हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए हाका लगाने का भी प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके वन अमले को फसल नुकसान रोक पाने में सफलता नहीं मिल पा रही है। हाथी रात में फिर से खेतों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। पूर्व में भी ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द दूसरे क्षेत्र में खदेड़ने और हुए फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।

Share with