गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करना पड़ा महंगा

दुकानदार के खाते से उड़े 1.50 लाख

प्रतापपुर। नगर पंचायत प्रतापपुर निवासी संतोष कुमार जायसवाल (49) पिता राजकुमार जायसवाल के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की मेन रोड में संतोष सुपरमार्केट नाम से दुकान है। दुकान में एचडीएफसी बैंक का यूपीआई साउंड बॉक्स लगा है, जिसमें आवाज आना बंद हो गया था। बैंक में शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर संतोष ने गूगल पर एचडीएफसी कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। सर्च में आए नंबर पर कॉल करने पर ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर साउंड बॉक्स ठीक करने के नाम पर व्हाट्सएप कॉल करके स्क्रीन शेयर करवा लिया। कुछ देर बाद मोबाइल की स्क्रीन ब्लैक हो गई। शक होने पर जब एटीएम जाकर खाता चेक किया तो 6 मई को एचडीएफसी खाता से 99,995 रुपये और एसबीआई खाता से 49,999 रुपये कुल 1,49,994 रुपये की ठगी हो चुकी थी। थाना प्रतापपुर में अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

Share with