दरिमा जमीन फर्जीवाड़ा: तत्कालीन तहसीलदार की भूमिका सवालों के घेरे में

पार्षद आलोक दुबे की शिकायत पर दर्ज केस की स्वतंत्र अधिकारी से जांच कराने की मांग

अंबिकापुर। तहसील दरिमा में सिंहदेव योजना से प्राप्त भूमि के राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना और फर्जी नामांतरण के मामले में वरिष्ठ पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने जमीन माफियाओं सहित पटवारी के विरूद्ध केस दर्ज किया है, लेकिन गिरफ्तारी एक की हुई है। उन्होंने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा को पूर्व में पत्र लिखकर जमीन माफिया आजाद इराकी के अलावा रमाशंकर सिंह और पटवारी, तत्कालीन तहसीलदार के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने का आग्रह किया था। पार्षद ने जांच प्रक्रिया को अपूर्ण मानते हुए मामले में तत्कालीन तहसीलदार की भूमिका को भी सवालों के घेरे में लिया है। उन्होंने आईजी से दरिमा थाने में दर्ज एफआईआर की पुन: विवेचना स्वतंत्र अधिकारी से कराने की मांग की है।

बता दें कि, दरिमा थाना पुलिस ने तमाम जमीनों के फर्जीवाड़ा मामले के मुख्य सूत्रधारों में एक आजाद इराकी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया है, इसकी प्राथमिकी वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे के द्वारा की गई शिकायत के आधार पर ही दरिमा थाना पुलिस ने दर्ज की है। पार्षद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम दरिमा, पटवारी हल्का नंबर 14 की खसरा नंबर 1322/2 की भूमि सिंहदेव योजना के तहत वितरित की गई थी। आरोप है कि 1954-55 के अधिकार अभिलेखों में हेराफेरी कर गिली चिकवा, ग्राम खजूरी के नाम फर्जी नामांतरण तैयार कराया गया, जबकि उस अवधि में संबंधित खसरा संरक्षित वन क्षेत्र के रूप में दर्ज था। इसके बाद उक्त भूमि को आजाद इराकी और रमाशंकर सिंह को बेचा गया। आरोप है कि राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। पत्र के अनुसार अजय कुमार पांडेय ने दरिमा थाने में आजाद इराकी, रमाशंकर सिंह, पटवारी अनिरुद्ध पैंकरा और तत्कालीन तहसीलदार के विरुद्ध शिकायत की थी। बताया था कि खसरा 1322/2 (रकबा 2.20 हेक्टेयर) से जुड़े मामले में 18 जुलाई 2023 को ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों में नामांतरण प्रविष्टि हुई और 11 सितंबर 2023 को पंजीकृत विक्रयपत्र के माध्यम से भूमि आजाद इराकी व रामाशंकर सिंह को बेची गई थी। इससे पहले भी मैनपाट के ग्राम केसरा में 3.46 हेक्टेयर सरकारी भूमि के कथित फर्जीवाड़े में भी आजाद इराकी समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए गए थे।

साक्ष्य होने के बाद भी नहीं बनाया आरोपी

पार्षद आलोक दुबे का आरोप है कि साक्ष्य होने के बावजूद थाना प्रभारी ने इन लोगों को एफआईआर में आरोपी नहीं बनाया। उनकी शिकायत के बाद दरिमा में हुए जमीन फर्जीवाड़ा के मामले में पटवारी और जमीन माफिया रमाशंकर सिंह के विरूद्ध भी केस दर्ज किया गया। आरोप यह भी है कि थाना प्रभारी ने कूटरचित दस्तावेजों की जांच हेतु मुख्य प्रतिलिपि शाखा, अंबिकापुर को पत्र भेजा था, परंतु विवेचना में दस्तावेजों की उचित जांच नहीं हुई और राजस्व विभाग से प्राप्त दस्तावेज भी जब्त नहीं किए गए। आलोक दुबे ने सरगुजा रेंज के छह जिलों में आजाद इराकी से पीड़ित लोगों की शिकायतों की संयुक्त जांच कराने साथ ही दरिमा थाने की एफआईआर संख्या 0081 को किसी स्वतंत्र अधिकारी से पुन: विवेचना कराकर कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Share with