तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, 6 की मौत


40 घायल यात्रियों को मनेंद्रगढ़ लाया गया,15 डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा
स्वास्थ्य मंत्री ने सीएमएचओ से बात करके बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने दिए निर्देश

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने स्वास्थ्य विभाग सक्रिय रहा। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे से फोन पर चर्चा करके हालात का जायजा लिया और घायलों के बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जानकारी के मुताबिक, बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेमरमथानी मोड़ के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। यात्रियों से भरी बस की पेड़ से टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रारंभिक जानकारी में बस का ब्रेक फेल होना दुर्घटना की संभावित वजह बताई जा रही है, हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। इस बीच स्वास्थ्य विभाग घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की निगरानी में जुटा है। स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।


220 बिस्तर अस्पताल में 40 रेफर मरीज पहुंचे
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी से करीब 40 मरीजों को रेफर कर मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर वाले शासकीय अस्पताल लाया गया। यहां घायलों की स्थिति का आंकलन करने के लिए आवश्यक जांच कराई गईं। अस्पताल में करीब 50 एक्स-रे किए गए, जबकि 8 से 10 मरीजों की सोनोग्राफी भी कराई गई। डॉ. तिवारी ने बताया कि घायलों की जांच और उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ की टीम तैनात है। नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, पैथोलॉजिस्ट, सर्जन, एमडी मेडिसिन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तथा रेडियोलॉजी से जुड़े चिकित्सकों सहित लगभग 15 डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की निगरानी में मरीजों का परीक्षण किया गया।


जांच के बाद वार्ड में रखे गए मरीज
अस्पताल अधीक्षक के मुताबिक, मरीजों की प्रारंभिक जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद उन्हें वार्डों में शिफ्ट कर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। चिकित्सकों की टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है, ताकि जरूरत के अनुसार आगे का उपचार किया जा सके। हादसे में घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।

विधायक रेणुका सिंह ने जताया गहरा दु:ख, हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया  

बस हादसे की हृदयविदारक घटना पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। विधायक ने कहा कि अपनों को असमय खोने का दु:ख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए विधायक रेणुका सिंह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासन के संपर्क में हैं। विधायक ने कहा कि इस भीषण दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के दु:ख में वे सहभागी हैं। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को संबल देना और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासन से घायलों के उपचार और पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो में घायलों से की मुलाकात

बस दुर्घटना की खबर मिलते ही पूर्व विधायक गुलाब कमरो घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी पहुंचे, यहां उन्होंने घायलों से मुलाकात करके उनका हालचाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से घायलों के बेहतर उपचार एवं समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा। घायलों में कुछ लोगों को अंबिकापुर रेफर किया गया है। इस दौरान गुलाब कमरो ने क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से घायलों की हरसंभव मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों और घायलों की सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए। दुर्घटना के बाद जिलेभर का पुलिस एवं स्वास्थ्य अमला मौके पर मौजूद है। वहीं केल्हारी क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के सिपाही और जनता भी घायलों की मदद और राहत कार्यों में जुटी है। पूर्व विधायक ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Share with