रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 के इंटरव्यू की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। आयोग ने दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार को स्थगित कर दिया है। नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। आयोग ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी कर ‘अपरिहार्य कारणों’ का हवाला दिया है, हालांकि विस्तृत कारण नहीं बताया गया है।
20 सितंबर से होने थे इंटरव्यू
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के जरिए 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित थे। अब इन तारीखों पर इंटरव्यू नहीं होंगे।
608 अभ्यर्थी चयनित
आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को ली थी, जिसमें 3921 अभ्यर्थी सफल हुए थे। मुख्य परीक्षा 6 से 9 जून 2026 तक हुई और इसके परिणाम के बाद 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया था।
परिणाम पर उठे थे सवाल
मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद कांग्रेस और कुछ अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि 265 पदों के लिए 3 गुना यानी 795 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना चाहिए था, जबकि केवल 608 को ही शॉर्टलिस्ट किया गया। हालांकि आयोग ने अपने स्थगन आदेश में इस विवाद का उल्लेख नहीं किया है।फिलहाल चयनित अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार है। उन्हें सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर नजर बनाए रखें।

