कर्तव्यपथ पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अंबिकापुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जिला पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा, संभाग आयुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल सहित प्रशासन व पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए। इस दौरान शहीद जवानों के नामों का वाचन कर उनके बलिदान की गाथा को याद किया गया। आईजी दीपक कुमार झा ने कहा कि पुलिस के जवान कठिन परिस्थितियों में भी देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए अपने प्राणों की परवाह नहीं करते। उनका बलिदान पूरे पुलिस परिवार को कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर शहीदों के स्वजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने शहीद परिवारों को शॉल, श्रीफल भेंट कर कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि शहीदों के परिवारों की देखभाल करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। हम हमेशा उनके साथ हैं। कार्यक्रम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस जवान और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्र की शांति और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ली गई।

Share with