कोरिया के युवक की मौत का मामला आईजी तक पहुंचा

स्वजन ने हत्या का संदेह जताते हुए की निष्पक्ष जांच की मांग

अंबिकापुर। कोरिया जिले के एक युवक की अक्टूबर माह में हुई मौत का मामला अब सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। मृतक के स्वजन ने लिखित शिकायत आवेदन देकर मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अपने बेटे की मौत पर संदेह है और पुलिस की अब तक की जांच में कई खामियां रह गई हैं।

कोरिया जिला के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत ग्राम तरगवां से आए मृतक राकेश साहू के भाई बृजेश कुमार साहू व कमला बाई का आरोप है कि उसके भाई को घर के बगल में रहने वाला शिवम नाम का युवक करमा देखने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद जो हुआ, वह आज तक परिवार के लिए पहेली बना हुआ है। घटना बीते 18 अक्टूबर की है। भाई को ले जाने के बाद परिवार को नहीं पता था कि उसे कहां ले जाया गया, क्या किया गया। दोपहर 3 बजकर 17 मिनट पर फोन आया कि बाईपास में एक्सीडेंट हो गया है और वह बेहोश हो गया है। परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो देखा कि उसका भाई मृत पड़ा था। शिवम से पूछताछ करने पर वह बयान बार-बार बदलते रहे। बृजेश का आरोप है कि शिवम कभी कहता था कि मैं बोलेरो गाड़ी में बैठकर आ रहा था, कभी कहता कि तीन लोग आकर मारे हैं। विरोधाभासी बयान के बाद भी थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक स्तर पर मामले की ठीक से जांच नहीं की गई। परिवार को सिर्फ घुमाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि उन्होंने इस मामले को लेकर नेता, मंत्री, विधायक सबके पास गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। बैकुंठपुर थाने में भी उनकी बात नहीं सुनी गई। थक-हारकर वे आईजी कार्यालय अंबिकापुर पहुंचे। आईजी से मुलाकात के बाद कुछ उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि आईजी ने जांच कराने और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। इनकी मांग है कि शिवम के बदलते बयानों की गहराई से जांच हो, उस दिन के सभी घटनाक्रम, कॉल डिटेल, घटनास्थल और बाईपास के सीसीटीवी की पड़ताल हो और सच सामने लाया जाए। आईजी के निर्देश के बाद अब सबकी नजर नई जांच पर टिकी है। परिजन चाहते हैं कि जांच पारदर्शी हो।

एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे जांच-आईजी

सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि कोरिया जिले में अक्टूबर माह में एक युवक की मृत्यु हुई थी। परिजनों को संदेह है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। साथ ही पुलिस जांच में उन्हें कुछ खामियां लगीं, जिसे लेकर उन्होंने आवेदन दिया है। उन्होंने परिजनों के सामने ही पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से बात की। स्वजन ने जो भी आरोप लगाए हैं, उन सभी विषयों पर जांच के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया गया है। अब इस मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।

Share with