Uncategorized

19 लाख के लिए पहले शिक्षिका को मौत की नींद सुलाया, राज खुलने के डर से बेटे को भी मार डाला


सूरजपुर पुलिस सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, सीसीटीवी से पकड़ाया हत्यारा कारोबारी

सूरजपुर। जिले के महाबीरपुर जंगल में मिली लाश से शुरू हुई अंधे कत्ल की गुत्थी आखिरकार सूरजपुर पुलिस ने सुलझा ली है। मां-बेटे के डबल मर्डर के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका शिक्षिका का परिचित और कारोबारी निकला, जिसने शिक्षिका के द्वारा निकाले गए 19 लाख रुपये के लोन के लालच में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

बता दें कि, बीते 10 अक्टूबर को महाबीरपुर कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास नाली में एक अज्ञात शव मिला। इसकी पहचान हुई सुजल बरेठ के रूप में। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ। मामले में थाना जयनगर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ। इसी बीच 11 अक्टूबर को विश्रामपुर थाने में अविनाश बरेठ निवासी मुक्ताराजा थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर चांपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शिक्षिका बहन रजनी बरेठ ममता कॉलोनी, केशवनगर में किराए के मकान में रहती थी, जिसका मोबाइल फोन 9 अक्टूबर से बंद बता रहा है, और भांजे से संपर्क नहीं हो रहा है। बिश्रामपुर थाना आने पर उसे पता चला कि उसके भांजा सुरेश बरेठ का शव जयनगर थाना क्षेत्र में रोड किनारे मिला है, और रजनी के मकान में ताला लगा है। इसके बाद 11 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे जब पुलिस ने किराए के मकान का ताला तोड़ा तो बाथरूम में शिक्षिका रजनी का शव मिला। गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम के द्वारा साक्ष्य संकलन करने के बाद थाना विश्रामपुर में दूसरा मर्डर केस दर्ज हुआ।

सीसीटीव्ही खंगालते संदिग्ध तक पहुंची पुलिस
आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मॉनीटरिंग में टीम ने शहर के सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी अभिषेक पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस और साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम सीसीटीव्ही फुटेज खंगाली तो मृतिका के घर ममता कॉलोनी की गली में एक संदिग्ध युवक काले टी-शर्ट और सफेद गमछे में दिखा। वही अन्य सीसीटीव्ही को खंगालने पर कार का नंबर सीजी 15 ईजी 7101 सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कार मालिक के पता पर रेड कार्रवाई की तो संदेही प्रवेश कुमार 36 वर्ष निवासी हरियाणा, हालिश ठिकाना चोपड़ा कॉलोनी बिश्रामपुर हत्थे चढ़ गया। इस दौरान सुजल घर में था, मोबाइल चार्जर मांगने पर वह बोला नहीं है। इसके बाद वह रजनी के घर से चले गया।

आरोपी की पत्नि और रजनी एक ही स्कूल में थीं शिक्षिका
आरोपी पुन: रजनी के घर गया, इस बीच सुजल घर में था। रजनी ड्यूटी से आई और शाम को ट्यूशन के लिए सुजल चले गया। गिरफ्त में आए आरोपी ने कबूला कि, उसकी पत्नी और रजनी एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं, इसलिए घर आना-जाना था। उसे पता था कि रजनी के खाते में 19 लाख लोन का पैसा आने वाला है। उसे खुद 20 लाख रुपये लोन चुकाना था। 9 अक्टूबर को कार धुलवाने के बहाने पैदल रजनी के घर गया। पैसा मांगने पर रजनी ने मना किया तो स्टील के बॉटल से सिर पर वार किया। रजनी भागने लगी तो बाथरूम में खींचकर ले गया। रजनी बचाव का कोशिश की तो पैर से 10 मिनट तक गला दबाकर रखा, जिससे उसकी सांस थम गई। इसके बाद घर से स्टोल लेकर भाग गया। राज खुलने के डर से आरोपी ने शिक्षिका के बेटे सुजल को भी मारने की प्लानिंग की, और कार लेकर सुजल के आने का एक घंटे इंतजार किया। सुजल के आने पर कहा, तेरी मम्मी मेरे घर में है। इसके पहले वह रजनी की स्कूटी से हेलमेट झाड़ियों में फेंका, फिर कार से सुजल को घुमाने के बहाने से कुम्दा होते हुए अंबिकापुर ले गया, मैगी खिलाई और राई जंगल में लघुशंका के बहाने कार से उतरा और गेट खोलकर स्टोल से सुजल के गले को कसा। सुजल वहां से भागा तो सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर व सीने पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद महाबीरपुर जंगल में सुजल के शव और चुन्नी को फेंक दिया।

घर और ससुराल से मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद
आरोपी घटना के बाद सुजल के 2 मोबाइल को अपने घर में किचन के दराज एवं रजनी के 1 मोबाइल को अंबिकापुर स्थित अपने ससुराल घर में छिपा दिया था। पुलिस ने सुजल के 2 मोबाइल को आरोपी के घर विश्रामपुर से, आरोपी के ससुराल से मृतिका का मोबाइल फोन और रजनी का आधार कार्ड, पेन कार्ड, चेक, डाईविंग लायसेंस, वोटर आईडी कार्ड, एटीएम कार्ड, सोने-चांदी का आभूषण भी बरामद किया है। आरोपी घटना में प्रयुक्त कार को जयनगर स्थित कार वासिंग सेंटर में धुलवाया और कार की मैट जिसमें खून लगा था उसे जला दिया था। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर ग्राम राई जंगल से मृतक का 1 पैर का चप्पल, घटना में प्रयुक्त ग्राण्ड विटारा कार, घटना में प्रयुक्त सीमेंट खम्भा का टुकड़ा व मृतिका के सिर में प्रहार करने वाले स्टील का पानी बॉटल जप्त कर ली है।

Share with