हाथियों ने आधी रात तोड़ा घर, 5 एकड़ फसल रौंदी

उदयपुर। उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार मध्यरात्रि करीब 12 बजे, 12 हाथियों के दल ने ग्राम पुटा के तिलाईडांड में जमकर उत्पात मचाया। ग्रामीण शिवकुमार यादव के कच्चे मकान को पूरी तरह तोड़कर जमींदोज कर दिया और 5 एकड़ में खड़ी फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार घर में नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो मकान की दीवारें-छत गिरी पड़ी थीं, घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। खेतों में फसल कुचली पड़ी थी। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का यह दल फिलहाल रामनगर क्षेत्र में मौजूद है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है। ग्रामीण रात-रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की निगरानी कर उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Share with