पेड़ से हुई टक्कर में बाइक सवार शिक्षक की मौत, विभागीय बैठक में जाने निकले थे

मंगलवार को शंकरघाट में हुआ अंतिम संस्कार, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल

अंबिकापुर। शहर के नमनाकला निवासी शिक्षक की सोमवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वे विभागीय मीटिंग में शामिल होने बाइक से बलरामपुर जा रहे थे, तभी प्रतापपुर से करीब 10 किमी दूर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

जानकारी के मुताबिक, मृतक राजकुमार शर्मा 48 वर्ष हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नमनाकला के निवासी थे। वे बलरामपुर में जिला ग्रंथालय प्रभारी के पद पर पदस्थ थे। ड्यूटी के दौरान वे अधिकांश समय वहीं किराए के मकान में रहते थे। शनिवार को ड्यूटी के बाद वे अपने घर अंबिकापुर आए थे और रविवार छुट्टी मनाने के बाद सोमवार को विभागीय बैठक में शामिल होने बाइक से बलरामपुर के लिए निकले थे। वे सुबह करीब 11.30 बजे अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग से होते हुए प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर ग्राम सिलौटा के पास पहुंचे ही थे कि अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर डॉयल 112 की टीम गंभीर रूप से घायल शिक्षक को प्रतापपुर अस्पताल लेकर पहुंची, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सड़क हादसे की सूचना प्रतापपुर पुलिस ने मोबाइल पर परिजनों को दी, इसके बाद वे प्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया। मंगलवार को शहर के शंकरघाट स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। शिक्षक की मौत से पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share with