शासकीय जमीन को फर्जी दस्तावेज से निजी बताकर बेचने वाला गिरफ्तार

कमलेश्वरपुर पुलिस और साइबर सेल पुलिस ने की कार्रवाई

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में शासकीय भूमि की हेराफेरी कर उसे निजी जमीन बताकर बिक्री करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कमलेश्वरपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने धोखाधड़ी के आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, उमेशवर सिंह ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि खसरा नंबर 1378 में कूटरचना की गई है। प्रार्थी ने बताया कि 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 में फर्जी तरीके से निजी भूमि की प्रविष्टि कर दी गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने राजस्व अभिलेखों की जांच की। जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 1378 बंदोबस्त वर्ष 1995-96 में भी शासकीय भूमि के रूप में छोटे झाड़ के जंगल मद में दर्ज है। यानी यह जमीन शुरू से ही शासकीय थी, लेकिन वर्ष 1954-55 के अभिलेख में इसे निजी भूमि के रूप में दिखाकर फर्जी प्रविष्टि तैयार की गई थी। इस पूरे फर्जीवाड़े में तुलेश्वर गुप्ता और अन्य की संलिप्तता पाई गई। इस पर थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 82/26 धारा 420, 467, 468, 471, 34 भा.द.वि. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान आरोपी तुलेश्वर गुप्ता पिता गणेश गुप्ता 50 वर्ष, निवासी ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और मामले में अग्रिम विवेचना जारी है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक विजय रवि, राजीव कुजूर, आरक्षक सूरज राठिया और साइबर सेल अंबिकापुर की टीम सक्रिय रही।

Share with