मिशनरी हॉस्टल में 12वीं की छात्रा छत पर खुदकुशी के इरादे से चढ़ी, संभवतः रिजल्ट के तनाव में उठाया कदम

आकाशवाणी चौक स्थित उर्सुलाइन स्कूल का मामला, जशपुर जिले की रहने वाली है छात्रा, एक युवक ने बिल्डिंग पर चढ़कर बचाई जान

अंबिकापुर। आकाशवाणी चौक स्थित उर्सुलाइन गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के हॉस्टल में गुरुवार को देर शाम कक्षा 12वीं की छात्रा के छत पर चढ़कर आत्महत्या की कोशिश से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस, शिक्षा विभाग और हॉस्टल प्रबंधन मौके पर पहुंचे। एक युवक ने हॉस्टल की बिल्डिंग के बाहर से चढ़कर छात्रा को रेस्क्यू किया। बड़ी अनहोनी टल गई। मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी भी पहुंचे।जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने बताया कि यह एक प्राइवेट मिशनरी स्कूल है। यहां जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली बच्ची 12वीं में पढ़ती है। उसके एग्जाम कल ही समाप्त हुए हैं और कल ही उसका रिजल्ट आने वाला है। हॉस्टल की सिस्टर ने बताया कि छात्रा का कहना था कि उसका पेपर अच्छा नहीं गया है। डीईओ ने कहा, हो सकता है एग्जाम का स्ट्रेस हो या रिजल्ट का स्ट्रेस हो। इस एज में अक्सर ये समस्याएं बच्चों के साथ होती हैं।

छात्रा अब सामान्य, पछता रही है

डीईओ ने बताया कि छात्रा से बातचीत हुई है। वह अब बिल्कुल सामान्य है और पश्चाताप कर रही है कि उसने ऐसा क्यों किया। पूछताछ में वह खुद भी वजह स्पष्ट नहीं बता पा रही है। उन्होंने कहा, अभी हॉस्टल में ही छात्रा को रखेंगे। उसकी प्रॉपर काउंसलिंग कराएंगे। हमारे और भी काउंसलर्स आ रहे हैं। जरूरत पड़ी तो पेरेंट्स से भी बात करेंगे। कोई खतरे की बात नहीं है, किसी प्रकार का दबाव नहीं है। हॉस्टल की सिस्टर ने भी यही कहा कि लड़की अच्छी है, पहले कभी ऐसा नहीं किया। कल रिजल्ट है, उसी का टेंशन लग रहा है। वे लोग असेंबली में और समय-समय पर मेंटल हेल्थ पर सेमिनार करते हैं। डीईओ दिनेश कुमार झा ने बताया कि एक युवा हिम्मत दिखाकर उसे पकड़कर नीचे लाया। *घर जाते समय पड़ी नजर*मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता शिल्पा पाण्डेय ने बताया कि जब वह घर जा रही थी तभी भीड़ देखकर रुकी और तुरंत एसपी, आईजी और डीईओ को सूचना दी। गांधी नगर थाने के जवान भी मदद के लिए छत पर पहुंचे थे।

स्ट्रेस मैनेजमेंट को लेकर करा रहे काउंसलिंग

डीईओ दिनेश कुमार झा ने कहा कि जिले के सभी स्कूलों में स्ट्रेस मैनेजमेंट को लेकर काउंसलिंग कराई जा रही है। इस घटना के बाद इसे और तेज किया जाएगा। फिलहाल छात्रा सुरक्षित है।

Share with