ब्रेड बेचने निकले युवक का 5 दिन बाद सरासोर में मिला शव

परेशान स्वजन खोजबीन में लगे थे लकड़हारे की सूचना से मचा हड़कंप

जरही। सूरजपुर जिले के जरही क्षेत्र में रहकर ब्रेड बेचने का काम करने वाले बिहार के औरंगाबाद निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पांच दिनों से लापता युवक का शव 6 नवंबर को सरासोर क्षेत्र में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी एक लकड़हारे ने दी, इसके बाद युवक की पहचान हो सकी। मृतक की पत्नि ने पति के गायब होने की रिपोर्ट चेन्द्रा पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र कुमार मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था और जरही में रहकर ब्रेड बेचकर अपना जीवनयापन करता था। बताया जा रहा है कि 1 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह ब्रेड बेचने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसका इंतजार करने के बाद स्वजन और परिचितों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान पता चला कि शैलेंद्र अपने मित्र कामेश्वर विश्वकर्मा के यहां गया था। यहां आने पर लापता युवक के अन्य मित्रों के साथ सरासोर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उसकी लगातार तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद शैलेन्द्र की पत्नि ने चेन्द्रा पुलिस चौकी में बताया कि 1 नवंबर को सुबह 7 बजे साइकिल से ब्रेड बेचने उसका पति बस्ती तरफ गया था और घर नहीं लौटा। 5 नवंबर को ग्राम करौंधा निवासी कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि शैलेन्द्र अपने साथी मोनू उर्फ छोटू निवासी ग्राम डुमरिया और एक अन्य के साथ पहाड़अमोरनी सारासोर मंदिर घूमने गया था। यहां शराब के नशे में वह महान नदी में कूद गया था। यह बात मोनू ने फोन पर कामेश्वर को बताई थी। ऐसे में शैलेन्द्र की पत्नि ने पति के नदी में डूबने या अपहरण करके रखने का अंदेशा जताया था। इधर 6 नवंबर को सरासोर क्षेत्र में लकड़ी काटने गए एक लकड़हारे की नजर शव पर पड़ी, और उसने इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान शैलेंद्र कुमार के रूप में की।

मौत की परिस्थितियां सवालों के घेरे में

ब्रेड बेचने के लिए घर से निकले युवक का पांच दिनों बाद शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर शैलेंद्र की मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसका शव सरासोर क्षेत्र में पहुंचा? फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। चेन्द्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share with