सरगुजा में चक्रवात अर्नब का कहर, दो दिन में 27 मिमी बारिश

धान की फसल बर्बाद, आज भी सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित

अंबिकापुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम ‘अर्नब’ का असर उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज हो गया है। सरगुजा संभाग में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश के साथ तेज हवा चल रही है। अंबिकापुर में अब तक 27 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश और तेज हवा से मौसम में ठंडक काफी बढ़ गई है, जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।*अलर्ट के बाद आज भी स्कूल बंद*मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम अर्नब के प्रभाव से 30 अक्टूबर को तेज आंधी, गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।इसे देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 30 अक्टूबर दिन शुक्रवार को भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले भी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी दी गई थी। यानी सरगुजा में लगातार दूसरे दिन भी स्कूल बंद रहेंगे।

पककर तैयार धान की फसल को भारी नुकसान

बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। इस समय धान की फसल पककर कटाई के कगार पर थी। कई किसानों ने कटाई शुरू कर दी थी और फसल को खेत में ही रखा था। तेज हवा और बारिश से खड़ी फसल खेत में गिर गई है, वहीं कटी हुई फसल पानी में भीग गई है। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान बताया जा रहा है। वहां कई किसानों की पकी फसल खेत में खड़ी थी जो हवा से गिर गई। काटकर रखी फसल बारिश में भीगने से दाने के सड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। इससे धान की गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों ने सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील से फसल क्षति का आकलन कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

कृषि विभाग ने दी सलाह

कृषि मौसम विशेषज्ञ डॉ. रंजीत ने किसानों को अगले 48 घंटे तक धान की कटाई, कीटनाशकों का छिड़काव सहित अन्य कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कटी हुई फसल और अनाज को सुरक्षित, सूखे और ढके हुए स्थान पर रखा जाए। तेज हवा से सब्जियों, दलहनी फसलों में जलभराव और फलदार पौधों की शाखाएं टूटने से भी नुकसान हो सकता है।

पूरा सरगुजा ऑरेंज जोन में

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए पूरे सरगुजा संभाग को ऑरेंज जोन में रखा है। बुधवार को कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर ऑरेंज जोन में थे, गुरुवार को इसका दायरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Share with