मकान बेचने के नाम पर ठेकेदार को 16 लाख की चपत, सीएसपीडीसीएल के अफसर पर एफआईआर

दरिमा में कार्य के दौरान हुई थी सहायक अभियंता से पहचान, वर्तमान में रायपुर में हैं पदस्थ

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में बिजली विभाग में पदस्थ एक अधिकारी ने भरोसे पर रखकर ठेकेदार को लाखों की चपल लगा दी। अधिकारी ने पहले तो 15 लाख रुपये मांगे, बाद में ठेकेदार को मकान दिखाकर बेचने के नाम पर 16 लाख रुपये ले लिए। इसके पहले मकान किसी और को बेच दिया। ठेकेदार जब रजिस्ट्री के लिए चक्कर काटना शुरू किया तो अधिकारी का रूख टालमटोल भरा रहा। आखिरकार ठेकेदार ने कोतवाली पुलिस से इसकी शिकायत की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दरिमा-रायगढ़ रोड निवासी प्रीतम गोयल पिता स्व. रतनलाल गोयल 32 वर्ष, बिजली विभाग में ठेकेदारी का भी काम करते हंै। बिजली विभाग का कार्य करने के दौरान वर्ष 2024 में उनका परिचय बिलिंग आदि कार्य के दौरान सीएसपीडीसीएल कार्यालय दरिमा में तत्समय पदस्थ सहायक अभियंता रूपजिंदर कौर से हुआ था। परिचय होने के बाद अधिकारी ने जरूरत बताते हुए 15 लाख रुपये ठेकेदार से मांगा, जिस पर प्रीतम गोयल में एकमुश्त इतनी राशि देने में असमर्थता जताई। इसके बाद सहायक अभियंता ने ठेकेदार को दर्रीपारा में स्थित अपना मकान दिखाया और उसे रुपये की जरूरत बताते हुए बेचने की इच्छा जाहिर की। 16 लाख रुपये में मकान का सौदा हुआ और पूरी रकम सहायक अभियंता ने भरोसे में प्राप्त कर ली। रुपये देेने के बाद रजिस्ट्री की बारी आई तो इंतजार की स्थिति बनने लगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, सहायक अभियंता रूपजिंदर कौर भल्ला का स्थानांतरण रायपुर हो गया, जहां वह कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ हो गई। ठेकेदार ने कई बार रायपुर जाकर और संचार, चैट के माध्यम से मकान का रजिस्ट्री करा देने का आग्रह किया, लेकिन किसी प्रकार का संतोषप्रद जवाब नहीं मिल पाया। अधिकारी की ओर से किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिलने पर वह अंबिकापुर के गांधीनगर में स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य से संपर्क किया तो पता चला कि जिस मकान का रजिस्ट्री कराने के लिए वह मकान स्वामी का चक्कर काट रहा है, उसे वह पहले ही बेच चुकी है। इसकी लिखित जानकारी ठेकेदार ने पुलिस को दी, जिस पर जांच के बाद पुलिस ने अधिकारी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 318(4) का मामला दर्ज कर लिया है।

Share with