पीआरए ग्रुप के घर और दफ्तर पर आयकर की टीम ने दी दबिश

कई शहरों में एक साथ कार्रवाई, विभाग से नहीं मिली आधिकारिक जानकारी

अंबिकापुर। शहर में बुधवार सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सड़क निर्माण के बड़े ठेकेदार और पीआरए ग्रुप के मालिक रमेशचंद्र अग्रवाल के ठिकानों पर विभाग की टीम ने एक साथ छापा मारा। सुबह से ही एमजी रोड स्थित उनके निवास और ब्रह्म रोड स्थित बर्बरिक प्रोजेक्ट लिमिटेड के कार्यालय में जांच चली।

जानकारी के मुताबिक, दो वाहनों में आयकर के करीब एक दर्जन से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों के साथ टीम पहुंची। टीम ने इनके दोनों ठिकानों को घेर लिया गया। अंदर मौजूद कर्मचारियों और स्वजन से घंटों पूछताछ के साथ दस्तावेज, कंप्यूटर, फाइलें और लेन-देन से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं। अंबिकापुर में पीआरए ग्रुप का नाम सड़क निर्माण और बड़े सरकारी ठेकों में काफी चर्चित है। बर्बरिक प्रोजेक्ट लिमिटेड भी इसी ग्रुप से जुड़ी कंपनी बताई जा रही है। इसी वजह से इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि छापे के पीछे की वजह क्या है, किस शिकायत या इनपुट पर कार्रवाई हुई है, इसे लेकर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। टीम भी मीडिया से बचते रही। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एमजी रोड और ब्रह्म रोड पर लोग जमा रहे, लेकिन पुलिस और विभाग के अधिकारियों ने किसी को अंदर जाने नहीं दिया। सूत्रों का कहना है कि टीम को अगर बड़े पैमाने पर बेहिसाब लेन-देन, नकदी या दस्तावेज मिलते हैं तो कार्रवाई आगे भी बढ़ सकती है। फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी है।

चार जिलों में एक साथ पड़ा छापा

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई केवल अंबिकापुर तक सीमित नहीं है। सरगुजा के अलावा रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ समेत प्रदेश के कई शहरों में आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी हैं। माना जा रहा है कि यह एक बड़े नेटवर्क से जुड़े जांच का हिस्सा है, जिसमें कई फर्मों के हिसाब-किताब की जांच की जा रही है।

Share with