Uncategorized

बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में छात्र की सुरक्षा पर उठे सवाल, दूसरी मंजिल से गिरने के बाद हालत गंभीर

परिजनों की शिकायत पर असिस्टेंट डायरेक्टर, मार्केटिंग हेड, वार्डन और एचआर समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

अंबिकापुर। सरगांव स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में कक्षा नौवीं के एक छात्र के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। 22 नवंबर को हुई इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्र को बेहतर उपचार के लिए बनारस रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के चलगली निवासी छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा नौवीं में अध्ययनरत है। बताया जा रहा है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और लगातार घर जाने की इच्छा जता रहा था। इसी बीच दो दिन पहले वह हॉस्टल से चला गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे वापस लाया गया। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी न तो छात्र के परिजनों को दी गई और न ही पुलिस को सूचित किया गया।

हॉस्टल में रोकने को लेकर उठे सवाल

परिजनों की शिकायत के अनुसार, छात्र को वापस लाने के बाद हॉस्टल में ही रखा गया था। इसके बाद 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल की दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया।

चार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR

मामले में छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल गोयल के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्र के हॉस्टल से जाने के बाद उसे किन परिस्थितियों में वापस लाया गया, प्रबंधन ने परिजनों को सूचना क्यों नहीं दी और घटना के पहले छात्र के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया।

बिरला ओपन माइंड्स स्कूल पूर्व में भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। अब हॉस्टल में छात्र के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।

जांच और जवाबदेही पर टिकी निगाहें

इस घटना ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए क्या पर्याप्त व्यवस्था है? यदि कोई विद्यार्थी हॉस्टल में रहने को लेकर असहज है, तो उसकी शिकायतों को गंभीरता से सुनना और अभिभावकों को समय पर जानकारी देना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है। मामले की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

Share with