कूटरचित आदेश से जमीन हड़पने का प्रयास विफल, समिति प्रबंधक जेल दाखिल

फर्जी राजस्व मंडल का आदेश जब्त, फरार आरोपियों के तलाश में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के थाना लुण्ड्रा पुलिस टीम ने फर्जी राजस्व आदेश प्रस्तुत कर भूमि अपने नाम कराने के प्रकरण में बरगीडीह समिति प्रबंधक को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति जब्त की गई है। पुलिस टीम अन्य आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में विवेचना जारी है।

जानकारी के मुताबिक, तुषार मानिक नायब तहसीलदार, तहसील कार्यालय लुण्ड्रा द्वारा लिखित आवेदन पत्र प्रस्तुत करके रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अनुविभागीय दण्डाधिकारी धौरपुर के न्यायालयीन राजस्व प्रकरण क्रमांक के आवेदक मुस्लिम पिता स्व. मोहिउद्दीन, निवासी ग्राम खाराकोना व उसके साथी खाराकोना स्थित भूमि खसरा नंबर 814/1, 814/3, 814/4 रकबा क्रमश: 2.40, 0.113, 0.433 हेक्टेयर भूमि को राजस्व मंडल बिलासपुर के प्रकरण दिनांक 01.06.2019 के कूटरचित आदेश के आधार पर अपने नाम कराने 11.12.2023 को आवेदन प्रस्तुत किए थे, जो जांच में पूरी तरह फर्जी पाया गया। इस पर थाना लुण्ड्रा में धारा 420, 467, 468, 471, 34 भा.द.सं. के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना दौरान कथन प्रार्थी, गवाह एवं जब्त दस्तावेजों से बरगीडीह समिति प्रबंधक मो. मुस्लिम व उसके साथी द्वारा अपराध करना प्रमाणित पाया गया और पुलिस ने आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी 55 वर्ष को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बीच आरोपी ने राजस्व मंडल के फर्जी आदेश की सत्यापित प्रति पेश किया, जिसे पुलिस ने जब्त किया। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हंै, जिनकी गिरफ्तारी शेष है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो, वीरेंद्र खलखो सक्रिय रहे।

Share with