बिना रजिस्ट्रेशन के 7 वर्षों से चल रहा था पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट

संचालक पर फीस लेकर परीक्षा नहीं दिलाने का आरोप लगने के बाद खुली पोल

सूरजपुर। जिला के तिलसिवा में बिना किसी पंजीयन के संचालित गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालक रामनेवाज साहू के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

अध्यक्ष भारतीय युवा कांग्रेस प्रेमनगर, आवेदक परमेश्वर राजवाड़े ने शिकायत की थी कि, गुरुकुल पैरामेडिकल तिलसिवां में फीस भुगतान करने के बाद भी छात्रों को परीक्षा से वंचित करके धोखाधड़ी की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर के पत्र के माध्यम से जांच हेतु प्राप्त शिकायत पर उप निरीक्षक संदीप कुमार सिंह थाना सूरजपुर ने जांच की। पुलिस ने जांच के दौरान छात्र-छात्राओं का कथन लिया और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी ली गई। सीएमएचओ कार्यालय ने अपने पत्र दिनांक 23 नवम्बर 2026 के माध्यम से जांच प्रतिवेदन भेजा, जिसमें उल्लेख है कि गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालक रामनेवाज साहू के द्वारा संचालित इंस्टीट्यूट का रजिस्ट्रेशन छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल काउंसिल में पंजीकृत नहीं है। अवैध रूप से इनके द्वारा संस्था का संचालन वर्ष 2019 से वर्तमान तक किया जा रहा था। संपूर्ण शिकायत जांच में पाया गया कि संचालक ने संस्था का पंजीयन नहीं होने के बाद भी अवैध रूप से धोखाधड़ी कर छल करते हुए संस्था में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से अवैध रूप से फीस के नाम पर धन अर्जित किया गया है। इस पर आरोपी रामनेवाज साहू पिता उमाशंकर साहू, निवासी ग्राम पोडी छापरपारा, संचालक गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट तिलसिवा सूरजपुर के विरुद्ध पुलिस ने धारा 420 भा.दं.सं. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। इस संबंध में कलेक्टर सूरजपुर को दिए आवेदन दिया गया है, जिसमें कहा गया था कि डीएमएलटी व बीएमएलटी छात्रों से संपूर्ण कोर्स की फीस जमा करा ली गई, इसके बावजूद उनको मुख्य परीक्षा से वंचित रखा गया है। छात्रों को न तो मुख्य परीक्षा दिलवाई गई और न ही कोई मूल प्रमाण पत्र दिया गया। इससे छात्रों का पूरा साल बर्बाद हो गया और शुल्क के नाम पर मोटी रकम का नुकसान भी हुआ है। यह भी आरोप है कि जब छात्रों ने परीक्षा, प्रमाण पत्र नहीं देने पर पैसा वापस करने की मांग की, तो संचालक और महिला प्राचार्य के द्वारा उन्हें अपमानित करते हुए डरा-धमकाकर संस्था से भगा दिया गया। बताया गया है कि संचालक पूर्व में भी फर्जी एवं धोखाधड़ी के आरोप में जेल से सजा काट चुका है। वर्तमान में संस्था का संचालन बंद कर दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share with