कुंवरपुर जलाशय मोड़ पर राखड़ से लोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलटी

एनएच में स्टेयरिंग नहीं कटने से हुआ हादसा, चालक सुरक्षित

लखनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर कुंवरपुर जलाशय मोड़ के समीप राखड़ डस्ट से लोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया, उसे मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीएस 9614 का चालक बिलासपुर की ओर से राखड़ डस्ट लोड करके अंबिकापुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक कुंवरपुर के समीप मोड़ पर पहुंची, स्टेयरिंग नहीं कटने के कारण चालक का ट्रक से नियंत्रण हट गया और सड़क किनारे अनियंत्रित ट्रक पलट गई। सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पलटे हुए ट्रक के कारण कुछ देर के लिए एनएच-130 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाने की व्यवस्था की।

बताया जा रहा है कि मोड़ पर ट्रक की रफ्तार थोड़ी ज्यादा थी और अचानक स्टेयरिंग नहीं कटने से चालक घबरा गया। उसने ट्रक को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारी लोड होने के कारण ट्रक एक तरफ झुकते चला गया और सड़क किनारे जा पलटा। हादसे में राखड़ डस्ट सड़क के किनारे फैल गया। गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रही थी, वरना हादसा और भी भयानक हो सकता था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंवरपुर जलाशय मोड़ पहले से ही हादसों के लिए बदनाम है। सड़क की हालत भी ठीक नहीं है। भारी वाहनों के चालकों को यहां विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। राखड़ डस्ट लोड ट्रकों की आवाजाही इस मार्ग पर दिन-रात बनी रहती है। कई बार ओवरलोड और तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। हादसे का कारण स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। वाहन की तकनीकी जांच और चालक के बयान के बाद ही सही कारण स्पष्ट करेगी।

Share with