चोरी का माल खरीदने वाला गणेश ज्वेलर्स का संचालक गिरफ्तार

गांधीनगर थाना पुलिस ने 4 चांदी का ब्रेसलेट और गला हुआ चांदी बरामद किया

अंबिकापुर। थाना गांधीनगर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिवम खरात पिता काका खरात 19 वर्ष, कोतवाली थाना क्षेत्र के ब्रह्म रोड पंचशील गली का रहने वाला है और गणेश ज्वेलर्स का संचालक है। उसके कब्जे से चोरी के 04 नग चांदी के ब्रेसलेट एवं गला हुआ चांदी बरामद किया गया है। प्रकरण में धारा 111, 317(2) बीएनएस का अपराध कायम करके आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, निधि सोनी पिता हृदय शंकर सोनी 27 साल, निवासी नवापारा नेहरू छात्रावास के पीछे ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 29 सितम्बर की रात 08 बजे से 30 सितम्बर की सुबह 07 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उसकी ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर चांदी के 15 नग ब्रेसलेट एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी कीमत करीब 90 हजार रुपये चोरी कर ली। इस पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले शिवांग चौहान उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया, उसकी निशानदेही पर एक आर्टिफिशियल हार व कान का झुमका झाड़ियों से बरामद हुआ। इसके बाद इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड में दोनों से बारीकी से पूछताछ पर इन्होंने चोरी का सामान गणेश ज्वेलर्स के संचालक शिवम खरात को बेचना बताया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने शिवम खरात को पकड़ा। शेष मशरूका एवं अन्य आरोपियों की पतासाजी व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक बीरेंद्र कुजूर, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मण्डल, सत्येंद्र दुबे, मनीष सिंह एवं पुलिस टीम सक्रिय रही।

Share with