हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे सांसद ने जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

शावक की मौत और फसलों को हो रहे नुकसान के बाद महेशपुर, फूनगी व रामनगर का दौरा

उदयपुर। उदयपुर विकासखंड के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीण परेशान हैं। फसलों को हो रहे नुकसान और हाल ही में हाथी के शावक की मौत की घटना के बाद सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने महेशपुर, फूनगी और रामनगर गांव में जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जमीन पर बैठकर सुना।सांसद ने सबसे पहले खेतों में पहुंचकर हाथियों द्वारा फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि रात में हाथियों का दल खेतों में घुसकर धान और अन्य फसलों को रौंद रहा है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने हाथियों से फसल बचाने के लिए स्थायी समाधान, सोलर फेंसिंग, रात्रि में निगरानी दल और प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने की मांग रखी। सांसद ने ग्रामीणों की मांगों पर आंगनबाड़ी भवन, पुलिया निर्माण, हाईमास्ट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने हाथी प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी-मानव द्वंद्व को रोकने के लिए विभाग को ठोस योजना बनानी होगी ताकि ग्रामीणों और फसलों दोनों की सुरक्षा हो सके।

चौपाल में की अधिकारियों से चर्चा

रामनगर के पण्डो पारा में सांसद ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। सांसद ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में आंगनबाड़ी भवन की जर्जर स्थिति, आवागमन के लिए पुलिया की आवश्यकता, पण्डो पारा में हाईमास्ट लाइट और पेयजल की समस्या रखी।

हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा

सांसद ने प्रभावित किसानों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे जिला प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार तारा सिदार, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, रामनगर सरपंच प्रदीप मरकाम सहित वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महेशपुर, फूनगी और रामनगर के ग्रामीण मौजूद रहे।

Share with