करंट से शावक की मौत के बाद हाथियों का तांडव, रातभर मचाया उत्पात-फसलें रौंदी, घर तोड़ा

अंबिकापुर। उदयपुर क्षेत्र में बुधवार रात करंट लगने से हाथी शावक की मौत के बाद हाथियों के दल ने रातभर उत्पात मचाया। आक्रोशित हाथियों के तांडव से ग्रामीणों में दहशत बनी रही, वन विभाग की टीम पूरी रात खदेड़ने में जुटी रही।जानकारी के अनुसार रात 10 बजे के करीब 27 हाथियों का दल कर्मकठरा और रानुमाड़ा जंगल में दो हिस्सों में बंट गया। शावक की मौत के बाद बौखलाए हाथियों ने सबसे पहले ग्राम मोहनपुर उपका में किसानों की धान की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। इसके बाद दल मानपुर के कूरमन तालाब में पहुंचा और घंटों तक वहीं विश्राम करता रहा। आगे बढ़ने पर ग्राम जुकमा के पास पहलवान नामक ग्रामीण का घर भी तोड़ दिया।वन विभाग की टीम ने रातभर मशक्कत कर कर्मकठरा जंगल से 12 हाथियों के दल को खदेड़ने में सफलता पाई, लेकिन सुबह 3 बजे से हाथी एक-एक कर फिर से कर्मकठरा जंगल की ओर लौटने लगे। शुक्रवार को ग्राम फूनगी के पास एक हाथी नजर आया है।वर्तमान में उदयपुर के कर्मकठरा जंगल में 26 हाथियों का दल मौजूद है। वनकर्मियों की टीम आसपास निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। उधर, शावक की मौत के लिए करंट बिछाने वालों और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

Share with