दशहरे की खुशी मातम में बदली, सड़क हादसों में गई 6 की जान

कहीं ट्रेलर-कार बना काल तो कहीं बाइक सवार पेड़ की ठूंठ से टकराए

अंबिकापुर। विजयादशमी (दशहरा) पर्व के दौरान सरगुजा संभाग में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई, 4 घायल हो गए। हादसे के दौरान कहीं ट्रेलर तो कहीं कार काल का पहिया बना। वहीं एक घटना में हेंडल टच होने से अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे पेड़ के ठूंठ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामले में मर्ग कायम कर लिया है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली के शांतिपारा स्थित दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम देखने ग्राम पंचायत सोनतराई निवासी पवन मांझी पिता कुसित मांझी 16 वर्ष और सूर्यकांत पैकरा पिता हरिलाल पैकरा 15 वर्ष, टीवीएस एक्सएल मोपेड क्रमांक सीजी 15 डीआर 2726 से गए थे। बुधवार 21 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे दोनों किशोर कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान काराबेल बिजली टॉवर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरिया लोड ट्रेलर क्रमांक एचआर 38 एएम 9613 ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोपेड सवार दोनों किशोर घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किशोरों की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। दर्दनाक घटना से मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

कार की टक्कर से घायल युवक की मौत

बलरामपुर जिला के थाना कुसमी अंतर्गत दशहरा पर डांडिया देखने गए एक युवक को तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। घायल युवक की अंबिकापुर लाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, कुसमी थाना क्षेत्र के पियारटोली का लक्ष्मण पिता बुधराम बरगाह 20 अक्टूबर को कुसमी डांडिया देखने अकेले गया था। रात करीब 8.30 बजे उसके फुफेरा भाई दीपक पिता मंगरू के मोबाइल पर लक्ष्मण के मोबाइल से फोन आया, फोन करने वाले ने मोबाइल धारक के एक्सीडेंट होने और एनएच में बेहोश पड़े रहने की जानकारी देते हुए बताया कि वह बातचीत नहीं कर रहा है। इसकी सूचना मिलने पर जब वह ग्राम रेहड़ा में धान मंडी के पास पहुंचा तो उसके फुफेरे भाई लक्ष्मण के सिर और दाहिने पैर के घुटने में गंभीर चोट आई थी और वह खून से लथपथ पड़ा था। वहीं कार क्रमांक जेएच 01 जीजे 5694 भी क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी थी। इसके बाद वे घायल को कुसमी अस्पताल ले गए, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। स्वजन उसे अंबिकापुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रात 11.30 बजे उसकी मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल एक युवक की मौत हो गई। मृतक इन्द्रपाल सिंह पिता स्व. उदय सिंह 25 वर्ष मध्य प्रदेश के अनुपपुर जिला अंतर्गत कोतमा थाना के बरनखली का रहने वाला था। मंगलवार को वह गांव के राजेश और भीखम के साथ बाइक से मनेन्द्रगढ़ में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह देखने के लिए आ रहा था। इसी दौरान पुलिस चौकी खोंगापानी के ग्राम घुटरीटोली में अज्ञात वाहन का चालक इन्हें ठोकर मारकर भाग गया। घायलों को मनेन्द्रगढ़ जिला अस्पताल लाया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रिफर करने पर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान इन्द्रपाल सिंह की मौत हो गई। राजेश का उपचार चल रहा है। भीखम को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

बाइक को टक्कर मारने के बाद युवती को घसीटते ले गया कार सवार, मौत

जशपुर जिले की एक युवती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, वहीं बाइक चला रहे युवक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद कार सवार युवती को काफी दूर घसीटते ले गया और फरार हो गया।जानकारी के मुताबिक, पत्थलगांव थाना अंतर्गत ग्राम रैनुमाकला सुखरापारा की प्रेरणा महंत पिता बंधन दास 23 वर्ष अंबिकापुर में काम करने के उद्देश्य से नवरात्र के पहले आई थी और दर्रीपारा मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी। 20 अक्टूबर, मंगलवार को उसकी छोटी बहन प्रिंसी महंत अपनी बहन का कपड़ा पहुंचाने के लिए अंबिकापुर आई थी। शाम करीब 6-7 बजे प्रेरणा अपने परिचित हर्ष के साथ मोटरसायकल में अपनी बहन को आधे रास्ते तक छोड़ने निकली थी। घर पहुंचने के बाद प्रिंसी अपनी बहन के मोबाइल में फोन की तो वह बताई कि अभी रास्ते में हैं। बहन से बात किए 5 मिनट नहीं हुए थे, उसके मोबाइल में हर्ष ने फोन करके बताया कि उनका रघुनाथपुर के पास एक्सीडेंट हो गया है, और उसकी बहन का पता नहीं चल रहा है। कुछ देर बाद पुन: फोन करके बताया कि उसकी बहन को पीछे से ठोकर मारने वाला अज्ञात कार का चालक घसीटते दूर ले गया था, उसे जिला अस्पताल अंबिकापुर ले गए हैं। यहां आईसीयू में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बाइक सवार पेड़ की ठूंठ से टकराए, 01 की मौत, 01 घायल

उदयपुर थाना क्षेत्र में दशहरा के मौके पर आयोजित कार्यक्रम देखने जा रहे दो युवकों की बाइक खोंधला मोड़ बाजार के पास पेड़ की ठूंठ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के ग्राम रिखी का राजाराम 22 वर्ष और परसादी दास 29 वर्ष बाइक से दशहरा देखने ग्राम पलका जा रहे थे। शाम करीब 7.30 बजे खोंधला मोड़ बाजार के पास सामने से आ रही बाइक के हैंडल से इनकी बाइक टच हो गई, जिससे सवार अनियंत्रित हो गए और बाइक फिसलते हुए सड़क के किनारे मौजूद पेड़ के ठूंठ से जा टकराई। हादसे में राजाराम के सिर में चोट आई है, जबकि परसादी दास के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Share with