एलायंस एयर की अंबिकापुर-हैदराबाद सेवा के पहले दिन सिस्टम फेल, सांसद को लगाना पड़ा फोन

हफ्ते में 3 दिन उड़ेगा विमान, पहले दिन 19 यात्री रायपुर रवाना हुए, 5 यात्रियों को होना पड़ा मायूस

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी रायपुर के लिए उड़ान भरे

अंबिकापुर। दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से लंबे इंतजार के बाद अंबिकापुर-हैदराबाद हवाई सेवा मंगलवार से शुरू हो गई। डीजीसीए से अनुमति के बाद एलायंस एयर ने इसे विंटर शेड्यूल में शामिल किया है। यह फ्लाइट हैदराबाद से जगदलपुर-रायपुर होते हुए अंबिकापुर आएगी और वापस इसी रूट से हैदराबाद जाएगी।

उद्घाटन वाले दिन ही विमानन कंपनी की अव्यवस्था सामने आ गई। अंबिकापुर से रायपुर और हैदराबाद के लिए 5 यात्रियों की बुकिंग सिस्टम में नहीं दिखी। यात्रियों ने बताया कि कंपनी के लिस्टेड नंबर पर कई बार कॉल किया, पर जवाब नहीं मिला। स्थिति बिगड़ती देख व्हीआईपी लाउंज में मौजूद सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज को खुद कंपनी के अधिकारियों को फोन लगाना पड़ा। सांसद ने कहा-‘यह आप लोगों की तकनीकी समस्या है, इसका खामियाजा यात्रियों को क्यों भुगतना पड़े। मौके पर एयरपोर्ट स्टाफ ने बताया कि रायपुर-हैदराबाद रूट को इसी फ्लाइट से जोड़ने से फ्लाइट नंबर चेंज और थ्रू टिकट सिस्टम में गड़बड़ी आई है। डायरेक्टर डॉ. सुशील श्रीवास्तव ने भी माना कि वेबसाइट की खामी से अंबिकापुर से सीधे हैदराबाद की बुकिंग नहीं हो पा रही, इसे जल्द ठीक किया जाएगा।

19 यात्रियों के साथ उड़ी पहली फ्लाइट

तमाम गड़बड़ी के बीच फ्लाइट अपने तय समय पर दोपहर 1.20 बजे अंबिकापुर पहुंची और 2.05 बजे 19 यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई। पहली फ्लाइट से पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और एथलीट अनिमेष कुजूर अंबिकापुर से रायपुर गए। सांसद चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। सिंहदेव ने कहा कि यह खुशी की बात है, सभी की कोशिश से सेवा शुरू हुई है। रायपुर पहुंचने के बाद देश के बड़े शहरों की कनेक्टिविटी मिल जाएगी। उन्होंने कंपनी से 2100 रुपये से अधिक किराया नहीं बढ़ाने की अपील की।

शेड्यूल: सप्ताह में 3 दिन

यह सेवा सप्ताह में 3 दिन-मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। शेड्यूल के अनुसार हैदराबाद से सुबह 9.30 बजे उड़ान भरकर विमान 1.20 बजे अंबिकापुर पहुंचेगा। अंबिकापुर से दोपहर 2.05 बजे रवाना होकर 3.05 बजे रायपुर, 4.25 बजे जगदलपुर और शाम 6.10 बजे हैदराबाद पहुंचेगा। सांसद चिंतामणि महाराज ने इसके लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय विमानन मंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि जल्द अंबिकापुर को वाराणसी समेत अन्य बड़े शहरों से जोड़ने का प्रस्ताव है। एलायंस एयर ने रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी का शेड्यूल भी जारी किया है, डीजीसीए की अनुमति मिलते ही वह भी शुरू होगी।

Share with